फेसबुक पर दोस्ती, मेले में धोखा…शादी का झांसा देकर 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का आरोप, 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार
रामगढ़/पतरातू। सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती का अंत एक गंभीर आपराधिक मामले में हुआ। फेसबुक के जरिए 15 वर्षीय किशोरी से संपर्क बढ़ाने वाले 20 वर्षीय युवक पर शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद पतरातू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान विजय उरांव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे पीवीयूएनएल के गेट नंबर एक के पास से पकड़ा। इसके बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी विजय उरांव पिता सोहन उरांव, शाहीटांड, कोतो का रहने वाला है। रांची के कांके थाना क्षेत्र की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी से उसकी जान-पहचान फेसबुक के माध्यम से हुई थी। ऑनलाइन बातचीत के बाद दोनों की पहली मुलाकात सितंबर 2025 में पिठोरिया में हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत और संपर्क बढ़ता गया।
बताया जाता है कि 22 अक्टूबर 2025 को किशोरी अपने नानी के घर पतरातू आई थी। इसी दौरान मेला घूमने के क्रम में आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया और कथित तौर पर दुष्कर्म किया। बाद में किशोरी को जानकारी मिली कि आरोपी का किसी दूसरी लड़की से भी संबंध है। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ और शिकायत पुलिस तक पहुंची।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पतरातू थाना पुलिस ने कांड संख्या 309/26 के तहत पॉक्सो अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे पीवीयूएनएल गेट नंबर एक के समीप से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय नाबालिगों की सुरक्षा और सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

