जमशेदपुर: रील बनाने और मोबाइल चलाने पर 14 वर्षीय बेटी की हत्या, माता-पिता ने पीट-पीटकर मार डाला; शव खदान में फेंका
जमशेदपुर।सोशल मीडिया पर रील बनाने और मोबाइल फोन पर अधिक समय बिताने की आदत को लेकर माता-पिता की नाराजगी किस हद तक पहुंच सकती है, इसका एक बेहद दुखद मामला पूर्वी सिंहभूम जिले से सामने आया है। कमलपुर थाना क्षेत्र के लायाडीह गांव में 14 वर्षीय किशोरी की हत्या के आरोप में उसके ही माता-पिता को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर हुए विवाद के बाद दंपती ने अपनी आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी कनकलता मुर्मू की डंडे से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद अपराध छिपाने के इरादे से शव को गांव की एक बंद पड़ी पत्थर खदान में फेंक दिया।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी पिता रवींद्र मुर्मू और मां सुमानी को गुरुवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित तौर पर हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस बेटी की सुरक्षा और परवरिश की जिम्मेदारी माता-पिता पर थी, उसी की हत्या के आरोप में दोनों अब पुलिस की गिरफ्त में हैं।
10 नवंबर को मोबाइल को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, घटना 10 नवंबर की है। कनकलता मुर्मू मोबाइल फोन पर काफी समय बिताती थी और सोशल मीडिया पर रील बनाने में उसकी रुचि थी। इसी बात को लेकर उसके माता-पिता नाराज रहते थे। घटना वाले दिन भी मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर घर में विवाद हुआ। देखते ही देखते कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में आकर माता-पिता ने बेटी की डंडे से पिटाई कर दी। इस दौरान गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
खदान में फेंक दिया शव, गांव में फैलायी गुमशुदगी की बात
बेटी की मौत के बाद आरोपी दंपती ने कथित तौर पर घटना को छिपाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने शव को गांव के पास स्थित एक परित्यक्त पत्थर खदान में फेंक दिया। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस को गुमराह करने के लिए बेटी के लापता होने की बात कही। परिवार की ओर से बच्ची के गायब होने की कहानी सामने आने के बाद शुरुआत में मामला गुमशुदगी से जुड़ा प्रतीत हुआ।
13 नवंबर को खदान से मिला था किशोरी का शव
घटना के तीन दिन बाद, 13 नवंबर को परित्यक्त पत्थर खदान से कनकलता का शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इस दौरान माता-पिता के व्यवहार और उनके बयानों में सामने आए तथ्यों को लेकर पुलिस को संदेह हुआ। हालांकि, शुरुआती स्तर पर पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने के कारण तत्काल गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
तकनीकी साक्ष्य और खुफिया जानकारी से खुला हत्या का राज
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ाया। तकनीकी साक्ष्यों के साथ मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की गई। जांच के दौरान संदेह की सुई मृतका के माता-पिता की ओर घूमी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर बेटी की हत्या करने और शव को खदान में फेंकने की बात स्वीकार की।
गुरुवार देर शाम को पुलिस ने रवींद्र मुर्मू और सुमानी को गिरफ्तार कर लिया।उसके बाद दोनों से घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई और उसके बाद जेल भेजा गया।
मोबाइल और सोशल मीडिया को लेकर अभिभावकों की चिंता पर भी सवाल
यह घटना केवल एक हत्या का मामला नहीं, बल्कि परिवार के भीतर बच्चों और अभिभावकों के बीच संवाद की कमी तथा गुस्से के खतरनाक परिणामों की ओर भी ध्यान खींचती है। मोबाइल और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर बच्चों को समझाना और उनकी गतिविधियों पर उचित निगरानी रखना अभिभावकों की जिम्मेदारी है, लेकिन किसी भी परिस्थिति में हिंसा का सहारा लेना स्वीकार्य नहीं हो सकता।
लायाडीह की इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। एक 14 वर्षीय बच्ची की जिंदगी खत्म हो गई और उसकी हत्या के आरोप में उसके माता-पिता को गिरफ्तार किया गया है। अब पुलिस जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं।

