हजारीबाग पुलिस का बड़ा एक्शन: एसपी अमन कुमार की कमान में राहुल दुबे गैंग पर कसा शिकंजा, पांच एनकाउंटर समेत 15 कार्रवाइयों में 38 अपराधी गिरफ्तार; 22 हथियार और 54 जिंदा गोलियां बरामद
हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग में अपराध और अपराधियों के खिलाफ एसपी अमन कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए राहुल दुबे गैंग की कमर तोड़ने के लिए व्यापक अभियान छेड़ दिया है। अप्रैल 2026 में हजारीबाग एसपी का पदभार संभालने के बाद अमन कुमार ने जिस तत्परता और रणनीतिक तरीके से इस संगठित आपराधिक गिरोह के खिलाफ कार्रवाई शुरू कराई, उसका असर अब पुलिस के आंकड़ों में साफ दिखाई दे रहा है। कोयलांचल, ट्रांसपोर्टिंग कारोबार और औद्योगिक क्षेत्रों में रंगदारी व लेवी वसूली के जरिए दहशत फैलाने के आरोपों से घिरे राहुल दुबे गैंग के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने लगातार शिकंजा कसते हुए कई बड़ी सफलताएं हासिल की हैं।
हजारीबाग पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से 23 नवंबर 2026 तक गैंग के खिलाफ कुल 15 अलग-अलग कार्रवाइयां की गईं। इन कार्रवाइयों में 38 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से 22 हथियार और 54 जिंदा गोलियां बरामद की हैं। इसके अलावा 14 खोखा, दो देसी बम, दो मिस फायर गोली और गैंग के 26 पर्चे भी बरामद किए गए हैं।
एसपी अमन कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि पुलिस ने केवल घटनाओं के बाद गिरफ्तारी तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि गैंग के नेटवर्क, उसके सक्रिय सदस्यों और आपराधिक गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की। इसका नतीजा रहा कि अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने एक के बाद एक कार्रवाई कर गिरोह पर दबाव बनाया।
पांच मुठभेड़ों में 16 अपराधी गिरफ्तार
एसपी अमन कुमार के अनुसार, जनवरी से अब तक राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के साथ पांच बार मुठभेड़ हुई। इन मुठभेड़ों में कुल 16 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से नौ हथियार और 17 जिंदा गोलियां बरामद की गईं। मुठभेड़ों के दौरान नौ खोखा, एक मिस फायर गोली और गैंग के 26 पर्चे भी बरामद हुए। ये आंकड़े कुल कार्रवाई में शामिल हैं, इन्हें अलग से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
13 माइल पुल पर हाईवा जलाने की घटना के बाद तेज हुई कार्रवाई
हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई 22 अप्रैल 2026 को बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल पुल के पास हाईवा गाड़ी में आग लगाने की घटना के बाद सामने आई। आरोप है कि राहुल दुबे गैंग के सदस्यों ने पेट्रोल छिड़ककर हाईवा में आग लगा दी थी। घटना के बाद गठित एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा किया और गैंग के चार सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में तीन हथियार, 11 जिंदा गोलियां और नौ पर्चे बरामद किए गए। पुलिस ने बड़कागांव थाना कांड संख्या 59/26 के तहत मामला दर्ज किया।
केरेडारी में ट्रांसपोर्टिंग कंपनी को धमकाने की साजिश नाकाम
23 और 24 जुलाई की रात केरेडारी थाना क्षेत्र में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने दो सक्रिय सदस्यों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने ट्रांसपोर्टिंग रोड पर चंद्रगुप्त कंपनी की ओर से लेवी नहीं दिए जाने पर कंपनी को डराने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग करने की बात बताई। इस मुठभेड़ में गैंग का एक सदस्य पैर में गोली लगने से घायल हुआ था।
गिद्दी में कोयला क्षेत्र और हाईवा को बनाया गया निशाना
21 और 22 अगस्त की रात गिद्दी थाना क्षेत्र में गैंग के सदस्यों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। पुलिस ने दो सक्रिय सदस्यों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगने से वे घायल हुए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और रामगढ़ जेल में बंद दीपक करमाली उर्फ नेपाली के निर्देश पर लेवी वसूली के लिए कोयला खनन क्षेत्र और ट्रांसपोर्टिंग रोड पर चलने वाले हाईवा वाहनों में फायरिंग कर दहशत फैलाने की योजना के तहत भेजे गए थे। इस कार्रवाई में दो खोखा, चार मिस फायर गोली, एक जिंदा गोली और तीन पर्चे बरामद किए गए।
सैन्य माइनिंग कंपनी के गेट पर फायरिंग, सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल
26 और 27 अक्टूबर की मध्यरात्रि उरीमारी स्थित सैन्य माइनिंग कंपनी के गेट पर रंगदारी नहीं मिलने के विवाद में फायरिंग की घटना हुई। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, राहुल दुबे गैंग के सदस्यों ने कंपनी के निजी सुरक्षाकर्मी को निशाना बनाकर गोली चलाई थी। इस घटना में सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटनास्थल पर गैंग का पर्चा भी फेंका गया था।
5 नवंबर को गिद्दी (उरीमारी) थाना क्षेत्र में पुलिस ने इस मामले से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया। हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी की ओर से पुलिस पर फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।
कटकमसांडी में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम
23 नवंबर 2026 को कटकमसांडी थाना क्षेत्र में पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, गैंग के सदस्य कटकमसांडी रेलवे साइडिंग में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो गोली लगने से घायल हुए। गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार, गोलियां और गैंग के 10 पर्चे बरामद किए गए।
एसपी की रणनीति से अलग-अलग इलाकों में गैंग पर कसता गया शिकंजा
हजारीबाग पुलिस के आंकड़ों पर गौर करें तो 7 जनवरी को उरीमारी ओपी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 10 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से पांच हथियार और 17 जिंदा गोलियां मिली थीं। इसके बाद 18 जनवरी और 21 फरवरी को भी पुलिस ने कार्रवाई कर गैंग के सदस्यों को हथियार और गोलियों के साथ गिरफ्तार किया।
अप्रैल में एसपी अमन कुमार के पदभार संभालने के बाद अभियान को और गति मिली। मई में लोहसिंघना, जून में गिद्दी, जुलाई में गिद्दी और केरेडारी, अगस्त में बड़कागांव और गिद्दी, सितंबर में रंगदारी वसूली से जुड़े मामले तथा नवंबर में उरीमारी और कटकमसांडी में कार्रवाई की गई। इन कार्रवाइयों से साफ है कि पुलिस ने किसी एक थाना क्षेत्र तक अभियान को सीमित नहीं रखा, बल्कि गैंग की गतिविधियों वाले विभिन्न इलाकों में लगातार कार्रवाई की।
कार्रवाई के आंकड़े खुद बयां कर रहे पुलिस की सफलता
हजारीबाग पुलिस की रिकॉर्ड के अनुसार राहुल दुबे गैंग के खिलाफ कार्रवाई का समग्र आंकड़ा इस प्रकार है:
– कुल कार्रवाई : 15
– गिरफ्तार आरोपी : 38
– बरामद हथियार : 22
– बरामद जिंदा गोलियां : 54
– बरामद खोखा : 14
– बरामद देसी बम : 2
– मिस फायर गोली : 2
– गैंग के पर्चे : 26
वहीं, पांच मुठभेड़ों में 16 अपराधियों की गिरफ्तारी, नौ हथियार और 17 जिंदा गोलियों की बरामदगी दर्ज है। यह आंकड़ा कुल कार्रवाई का ही हिस्सा है।
अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश, एसपी अमन कुमार की कार्यशैली चर्चा में
हजारीबाग में एसपी अमन कुमार के नेतृत्व में चल रही इस कार्रवाई ने संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की सक्रियता को नई पहचान दी है। अप्रैल में पदभार ग्रहण करने के बाद राहुल दुबे गैंग के खिलाफ जिस तरह लगातार कार्रवाई का सिलसिला शुरू हुआ, उससे कोयलांचल और ट्रांसपोर्टिंग क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क पर पुलिस का दबाव बढ़ा है।
रंगदारी, लेवी वसूली, फायरिंग और कारोबारी प्रतिष्ठानों में दहशत फैलाने जैसी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि हजारीबाग में अपराध के जरिए कारोबारियों और आम लोगों को डराने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी अमन कुमार के नेतृत्व में हजारीबाग पुलिस का यह अभियान वर्ष 2026 की प्रमुख पुलिस कार्रवाइयों में शामिल हो गया है।

