राँची में दो स्कूल बसों की जोरदार भिड़ंत, बच्चों में मची चीख-पुकार; दो स्कूटी भी आईं चपेट में, महिला समेत कई घायल

 

राँची। राजधानी राँची में गुरुवार को स्कूली बच्चों से भरी दो बसों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों बसों की भिड़ंत के बाद दो स्कूटी भी इसकी चपेट में आ गईं। अचानक हुए इस हादसे से बसों में सवार बच्चों के बीच चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। बच्चे डर के मारे चिल्लाने लगे। दुर्घटना में दोनों स्कूलों के कुछ बच्चों और स्कूटी सवार महिला को चोटें आई हैं। महिला को अपेक्षाकृत गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

घटना खरसीदाग ओपी क्षेत्र के कुटियातू चौक की है। जानकारी के अनुसार, आचार्यकुलम विद्यालय, बरगावां की बस एयरपोर्ट रोड की ओर से स्कूल जा रही थी। इसी दौरान कुटियातू चौक पर बस मोड़ने के दौरान नामकुम की तरफ से आ रही टेंडर हार्ट स्कूल, तुपुदाना की बस से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर वहां खड़ी स्कूटी और एक स्कूटी सवार महिला को भी अपनी चपेट में लेती चली गई। इस दौरान दूसरी स्कूटी भी दुर्घटना की चपेट में आ गई।

टक्कर होते ही बसों में मच गई अफरातफरी

दोनों बसों के अचानक टकराने से अंदर बैठे बच्चों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। जोरदार आवाज के साथ बसों में बैठे बच्चे घबरा गए और चीखने-चिल्लाने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने तत्काल राहत-बचाव में मदद की और बसों में सवार बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारा। हादसे में टेंडर हार्ट स्कूल के कुछ बच्चों को चोटें आईं। वहीं, आचार्यकुलम विद्यालय की बस में सवार बच्चों को दूसरी बस की व्यवस्था कर स्कूल भेजा गया।

स्कूटी सवार महिला को लगी गंभीर चोट

दुर्घटना में दोनों स्कूल बसों के साथ स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गईं। एक बस का अगला शीशा टूट गया। वहीं, स्कूटी सवार महिला को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। टेंडर हार्ट स्कूल प्रबंधन घायल बच्चों समेत अन्य बच्चों को अपने साथ स्कूल ले गया। प्रबंधन की ओर से स्कूल में ही बच्चों के उपचार की बात कही गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस, दोनों बसें ओपी ले जाई गईं

हादसे की सूचना मिलने के बाद खरसीदाग ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों स्कूल बसों को अपने कब्जे में लेकर ओपी पहुंचाया। ओपी प्रभारी ने बताया कि घटना के संबंध में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे ने एक बार फिर स्कूल बसों की सुरक्षित आवाजाही और चौक-चौराहों पर सावधानी बरतने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि टक्कर के बावजूद कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई।

error: Content is protected !!