छह साल की कानूनी जंग के बाद पिघली रिश्तों की बर्फ, झारखण्ड जगुआर जवान और पत्नी में सुलह
–अदालत ने दहेज प्रताड़ना के मामले में कांस्टेबल को किया बरी, सुलह के बाद फिर साथ रहने लगा दंपती
राँची।रिश्तों की कड़वाहट और छह साल तक चली लंबी कानूनी लड़ाई के बाद आखिरकार एक परिवार फिर से एक हो गया है। राँची के न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी) प्रशांत कुमार वर्मा की अदालत ने दहेज प्रताड़ना (धारा 498ए) के एक मामले में झारखण्ड जगुआर (एसटीएफ) के कांस्टेबल राम चंद्र मिंज उर्फ रामचंदर मिंज को साक्ष्य के अभाव और आपसी समझौते के आधार पर बरी कर दिया है।
जानिए क्या था पूरा मामला, जो पहुंचा कोर्ट
पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के कुंडपानी निवासी राम चंद्र मिंज की शादी 29 अप्रैल 2013 को सरना रीति-रिवाज से सुनीता देवी के साथ हुई थी।शादी के बाद उनके दो बेटे आनंद और रंजन हुए।वर्ष 2020 में पत्नी सुनीता देवी ने बरियातू थाने में पति के खिलाफ मारपीट, शराब पीकर प्रताड़ित करने, दहेज मांगने और दूसरी महिला से संबंध रखने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी (कांड संख्या 153/2020) दर्ज कराई थी।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया था कि पति ने सर्विस बुक में उनका और बच्चों का नाम दर्ज नहीं कराया है और बड़े बेटे को लेकर घर से चले गए हैं।
अदालत में बदला घटनाक्रम
इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद जनवरी 2021 में आरोप पत्र दाखिल किया था और सितंबर 2026 में आरोप तय हुए थे। 25 नवंबर 2026 को गवाही के दौरान सूचक सुनीता देवी ने मुख्य परीक्षण में तो पुरानी घटनाओं का जिक्र किया, लेकिन प्रति-परीक्षण (क्रॉस एग्जामिनेशन) में उन्होंने अदालत को बताया कि दोनों के बीच आपसी समझौता हो गया है। उन्होंने संयुक्त समझौता पत्र पर अपने हस्ताक्षर की पहचान करते हुए कहा कि वह अब इस मुकदमे को आगे नहीं बढ़ाना चाहतीं और अपने पति के साथ खुशी-खुशी रह रही हैं।
पारिवारिक विवाद और सुलह के आधार पर जवान बरी
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने पाया कि अभियोजन पक्ष दहेज की मांग और शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना के आरोपों को संदेह से परे साबित करने में विफल रहा है। पटना हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व फैसलों का हवाला देते हुए कोर्ट ने इसे पारिवारिक विवाद माना और मध्यस्थता से हुई सुलह को देखते हुए आरोपी जवान को आरोपों से बरी कर दियाइसके साथ ही उन्हें और उनके जमानतदारों को जमानत बंधपत्र की देनदारियों से भी मुक्त कर दिया गया।

