सरायकेला में प्रेम प्रसंग के शक में 19 वर्षीय युवक की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, फोन कर घर से बुलाया; झाड़ी में मिला खून से लथपथ शव

 

सरायकेला। फोन आया और 19 वर्षीय पंकज गोप घर से निकल पड़ा, लेकिन उसे क्या पता था कि यह उसकी जिंदगी की आखिरी रात साबित होगी। सोमवार की शाम घर से निकले पंकज का शव मंगलवार की सुबह गांव के चौक के पास झाड़ियों में खून से लथपथ मिला। उसकी बेरहमी से कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं परिवार में मातम पसरा हुआ है।

घटना तिरुलडीह थाना क्षेत्र के छोटा लापांग गांव की है। मृतक पंकज गोप इसी गांव का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार, सोमवार की शाम पंकज के मोबाइल पर किसी का फोन आया था। फोन आने के बाद वह घर से बाहर निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों की नजर गांव के चौक के आसपास झाड़ियों में पड़े एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखा तो शव पंकज गोप का था और पूरा शरीर खून से लथपथ था।

फोन कर बुलाने के बाद हत्या का आरोप

मृतक के पिता पशुपति गोप और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया है कि पंकज को फोन कर घर से बाहर बुलाया गया था। इसके बाद लड़की के परिजनों ने घात लगाकर उस पर कुल्हाड़ी से हमला किया और उसकी हत्या कर दी। परिजनों ने दोषियों की पहचान कर उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

प्रेमिका और उसकी मां से पूछताछ

घटना की सूचना मिलने के बाद तिरुलडीह पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। 10 अक्टूबर की सुबह करीब 11:30 बजे पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव गांव लाया गया, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया।

पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त किया है। सूत्रों के अनुसार, मामले में प्रेमिका और उसकी मां से थाने में पूछताछ की जा रही है। बुधवार की सुबह पुलिस पशुपति गोप और उनके परिवार के सदस्यों के पास पहुंची तथा घटना से जुड़ी जानकारी ली। पुलिस ग्रामीणों से भी पूछताछ कर रही है और फोन कॉल समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।

परिवार में दहशत, न्याय की गुहार

घटना के बाद मृतक के परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल है। परिजनों का कहना है कि उन्हें न्याय चाहिए और पंकज की हत्या करने वालों को किसी भी हाल में सजा मिलनी चाहिए। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर अनुसंधान कर रही है।

 

error: Content is protected !!