जमशेदपुर में रफ्तार का कहर: मछली लोड कर रहे बस खलासी और 16 वर्षीय यात्री को भारी वाहन ने रौंदा, दोनों की दर्दनाक मौत

 

जमशेदपुर।एमजीएम थाना क्षेत्र के नारगा के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। राँची से कोलकाता जा रही महालक्ष्मी बस में मछली लोड करने के दौरान तेज रफ्तार भारी वाहन ने बस के खलासी और एक नाबालिग यात्री को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि बस खलासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 16 वर्षीय यात्री ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान बस खलासी प्रबोध इक्का (43), निवासी डुमरी, गुमला और यात्री अर्जुन कुमार (16), निवासी गरखा, बिहार के रूप में हुई है। एक ही हादसे में दो लोगों की मौत से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं बस में सवार यात्रियों के बीच भी हड़कंप मच गया।

 

मिली जानकारी के अनुसार, महालक्ष्मी बस (WB-N-0255) राँची से कोलकाता जा रही थी। नारगा के पास एक मछली कारोबारी ने बस में मछली लोड कराने के लिए उसे रुकवाया था। इसी दौरान बस का खलासी प्रबोध इक्का चालक की ओर से बस की छत पर मछली लोड कराने पहुंचा। बस में सवार यात्री अर्जुन कुमार भी उसके पास आ गया। तभी जमशेदपुर से कोलकाता की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार भारी वाहन दोनों को रौंदते हुए निकल गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रबोध इक्का ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सभी यात्री नीचे उतरकर घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली।

 

घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। रविवार को परिजनों के जमशेदपुर पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा और शव उन्हें सौंपे जाएंगे।

एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात भारी वाहन की पहचान की जा रही है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

error: Content is protected !!