बोकारो में खेल-खेल में मौत का खेल…मामा ने मासूम भांजे को थमाया असली हथियार, सिर में लगी गोली; साढ़े तीन साल के साहिल की मौत

 

बोकारो। झारखण्ड के बोकारो से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। जिस उम्र में बच्चे खिलौनों से खेलते हैं, उसी उम्र में साढ़े तीन साल के मासूम साहिल कुमार के हाथ में कथित तौर पर असली हथियार थमा दिया गया। खेल-खेल में अचानक गोली चली और सीधे बच्चे के सिर में जा लगी। इस दर्दनाक हादसे में साहिल की मौत हो गई। घटना के बाद बच्चे का मामा राजेश कुमार फरार बताया जा रहा है।

खेल रहा था मासूम, अचानक चली गोली
घटना शनिवार को बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट स्थित राँची मोहल्ले की है। जानकारी के अनुसार, बच्चे के मामा राजेश कुमार ने कथित तौर पर खेल-खेल में अपने साढ़े तीन साल के भांजे साहिल को असली हथियार थमा दिया। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और गोली मासूम के सिर में जा लगी। गोली लगने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई।

 

मासूम की मौत के बाद मामा फरार, पुलिस की तलाश तेज
घटना के बाद आरोपी मामा राजेश कुमार के फरार होने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही माराफारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी संजय कुमार के अनुसार, पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। घटना में इस्तेमाल हथियार कहां से आया और किन परिस्थितियों में गोली चली, इसकी जांच की जा रही है।

हथियार लाइसेंसी या अवैध, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना में इस्तेमाल हथियार लाइसेंसी है या गैर-लाइसेंसी। फरार मामा की तलाश की जा रही है। परिवार के सदस्यों की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

एक लापरवाही ने उजाड़ दी मासूम की जिंदगी
इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। जिस मासूम को अभी दुनिया को समझना था, उसकी जिंदगी एक पल में खत्म हो गई। घटना ने घरों में हथियार रखने और उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस दर्दनाक हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियां क्या थीं और हथियार किसका था।

 

error: Content is protected !!