साहिबगंज में मौत बनकर दौड़ा हाइवा, टोटो को रौंदा; साप्ताहिक हाट से लौट रहे 3 लोगों की दर्दनाक मौत, 2 जिंदगी और मौत से जूझ रहे
साहिबगंज। झारखण्ड के साहिबगंज जिले में गुरुवार की रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। रांगा थाना क्षेत्र के केशरो गांव के पास बरहड़वा-बरहेट मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार हाइवा और टोटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि टोटो पूरी तरह चपटा होकर हाइवा के अगले पहिए में फंस गया। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का शिकार हुए सभी लोग रांगा साप्ताहिक हटिया में फल-सब्जी बेचकर घर लौट रहे थे। उन्हें क्या पता था कि घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, टोटो पर सवार पांचों लोग रांगा साप्ताहिक हटिया से फल-सब्जी बेचकर बरहड़वा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान केशरो गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने टोटो को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। अचानक हुए इस हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सड़क से गुजर रहे लोग और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद टोटो हाइवा के अगले पहिए के नीचे बुरी तरह फंस गया था। वाहन की हालत देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता था। टोटो में सवार लोग बाहर नहीं निकल पा रहे थे। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और रांगा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। टोटो हाइवा के नीचे बुरी तरह फंसा होने के कारण उसे निकालने के लिए बैकहो लोडर मंगवाया गया। काफी मशक्कत के बाद हाइवा को हटाकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
इस भीषण दुर्घटना में मोगलपाड़ा निवासी साहिल शेख (18) और धरमपुर निवासी किशोर साह (28) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, मोगलपाड़ा निवासी कयूम खान (24) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें अन्य घायलों के साथ बरहड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक सरिता टुडू ने प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, इलाज के दौरान कयूम खान ने भी दम तोड़ दिया।हादसे में मोगलपाड़ा निवासी सूरज खान (19) और अहिल खान (13) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए घायलों को रेफर कर दिया गया। तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों और परिचितों में मातम छा गया।
हादसे के बाद स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब पुलिस क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे शवों को बाहर निकालने की कोशिश कर रही थी। जानकारी के अनुसार, मृतकों के परिजनों ने शव निकालने की कार्रवाई का विरोध किया। इस कारण शव हाइवा में ही फंसे रहे। समाचार लिखे जाने तक शवों को निकालने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी।घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर कई थानों की पुलिस को भेजा गया। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को संभालने और आगे की कार्रवाई करने का प्रयास जारी था।
साप्ताहिक हाट में मेहनत-मजदूरी कर फल-सब्जी बेचने के बाद घर लौट रहे लोगों के लिए यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। जिन घरों में उनके लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां अब मातम पसरा है। हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार भारी वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल, इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत और दो के गंभीर रूप से घायल होने से इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

