शराब तस्करों का दुस्साहस…उत्पाद टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, गोली लगने से सिपाही की मौत,मचा हड़कंप..

 

बिहारशरीफ। बिहार के नालंदा में शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। शराब लदी पिकअप वैन का पीछा कर रही टीम पर पावापुरी-सिलाव इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के समीप फायरिंग की गई। गोली लगने से उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और उत्पाद विभाग में हड़कंप मच गया है।

गुप्त सूचना पर चल रही थी कार्रवाई

उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी के अनुसार, पटना मुख्यालय की एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (ईआईबी) को गुप्त सूचना मिली थी कि पिकअप वैन के जरिए शराब की बड़ी खेप नालंदा लाई जा रही है। सूचना के मुताबिक, वाहन खराट मोड़ के रास्ते नालंदा की ओर बढ़ रहा था। इसके बाद पटना से पहुंची ईआईबी की विशेष टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय टीम के साथ मिलकर तस्करों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया।

फ्लाईओवर के पास अचानक चली गोली
टीम शराब लदी पिकअप को रोकने और घेरने के लिए उसका पीछा कर रही थी। इसी दौरान पावापुरी-सिलाव इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के समीप अचानक गोलीबारी हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शराब तस्करों के लिए रेकी कर रहे कथित लाइनर ने टीम पर गोली चलाई, जो सिपाही अजीत कुमार को लग गई। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। गोलीबारी के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और इसका फायदा उठाकर तस्कर कथित लाइनर के साथ पिकअप लेकर फरार हो गए।

पटना में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घायल सिपाही को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पावापुरी में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीएमसीएच, पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके शव का पोस्टमार्टम पटना में कराया जा रहा है। कर्तव्य निभाने के दौरान सिपाही की मौत से उत्पाद विभाग और पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।

हमलावरों की तलाश में छापेमारी, नाकेबंदी
उत्पाद थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि कार्रवाई पटना से आई विशेष ईआईबी टीम के नेतृत्व में की जा रही थी। घटना के बाद उत्पाद विभाग और जिला पुलिस की टीमें आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। हाईवे और आसपास के रास्तों पर नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।शराब तस्करी के खिलाफ अभियान के दौरान सरकारी टीम पर फायरिंग और एक सिपाही की मौत ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने फरार शराब तस्करों और गोली चलाने वाले कथित लाइनर को गिरफ्तार करने की चुनौती है।

 

error: Content is protected !!