जमशेदपुर: हनुमान मंदिर के सामने कचरे में मिला मवेशी के बच्चे का शव, महानंद बस्ती में भड़का आक्रोश; पुलिस तैनात…
जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को महानंद बस्ती में सोमवार की रात उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब हनुमान मंदिर के सामने कचरे के ढेर में बोरे से मवेशी के बच्चे का शव मिला। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों में आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने मौके पर करीब एक घंटे तक हंगामा किया और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे मंदिर के सामने कचरे के ढेर में एक बोरे में बंद मवेशी के बच्चे का शव मिला। बताया जा रहा है कि मौत के बाद शव को बोरे में बंद कर फेंक दिया गया था। बाद में कुत्तों ने बोरे को फाड़ दिया और शव को कचरे से निकालकर मंदिर से कुछ दूरी पर ले आए। इसी दौरान लोगों की नजर शव पर पड़ी और देखते ही देखते इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
माहौल बिगाड़ने की साजिश की आशंका
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि किसी असामाजिक तत्व ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और इलाके का माहौल बिगाड़ने के इरादे से ऐसा किया हो सकता है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस ने भी किसी साजिश की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस और क्यूआरटी ने संभाला मोर्चा
हंगामे की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस और क्यूआरटी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।स्थानीय लोगों ने पुलिस से पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने, घटना में शामिल लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

