पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, खड़े ट्रक में घुसी कार; तीन पेशेवर टेनिस खिलाड़ियों की मौत

 

डेस्क/सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन पेशेवर टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र के सुखबड़ेरी के पास माइलस्टोन 97.5 पर हुआ। तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

बताया गया कि कार में सवार सभी लोग लखनऊ में आयोजित एक टेनिस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के बाद देवरिया स्थित अपने घर लौट रहे थे। हादसे में जान गंवाने वाले नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) पेशेवर टेनिस खिलाड़ी थे। तीन खिलाड़ियों की मौत की खबर से खेल जगत और उनके परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

नींद में थे सभी, अचानक ट्रक से टकराई कार

घायल जयंतो शर्मा के मुताबिक, सफर के दौरान कार में सवार सभी लोग नींद में थे। इसी दौरान अचानक कार खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

कार की हालत देखकर राहगीरों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कार में लोग बुरी तरह फंसे हुए थे। काफी मशक्कत के बाद कार का गेट तोड़कर घायलों और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को एंबुलेंस से अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजा गया।अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने नित्या प्रजापति, इरफान अंसारी और अनिकेत को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल तीन लोगों का इलाज चल रहा है।

मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम

हादसे की सूचना मिलते ही बल्दीराय एसडीएम प्रभात सिंह, पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि एक्सप्रेसवे पर ट्रक किस स्थिति में खड़ा था और कार की रफ्तार कितनी थी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। राहत-बचाव कार्य पूरा होने के बाद यातायात को सामान्य कराया गया।तीन युवा और पेशेवर टेनिस खिलाड़ियों की एक साथ मौत से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

error: Content is protected !!