तालाब किनारे मिली बाइक, जूते और मोबाइल… फिर पानी में मिला रूपेश का शव, हत्या की आशंका से जांच तेज

 

राँची।रातू के झखराटांड़ निवासी 26 वर्षीय रूपेश कुमार साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार सुबह कांके थाना क्षेत्र के मनातू स्थित तालाब से रूपेश का शव बरामद किया गया। तालाब के किनारे उसकी मोटरसाइकिल, जूते और मोबाइल फोन मिले, जबकि रूपेश का शव तालाब के अंदर था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बाद में पांडेयखारी श्मशान घाट में चाचा छोटू साहू ने रूपेश को मुखाग्नि दी।

परिजनों के मुताबिक, रूपेश जूते की दुकान चलाता था। सोमवार सुबह नाश्ता करने के बाद वह दुकान गया था। दोपहर में खाना खाने के बाद वह मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने रातू थाने में उसकी गुमशुदगी की सूचना दी थी।
अगली सुबह मनातू स्थित तालाब से उसका शव मिलने की खबर ने परिवार को झकझोर दिया।

रूपेश परिवार का इकलौता वारिस था और उसकी शादी नहीं हुई थी। उसकी मां और दो बहनें हैं। दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। परिजनों का कहना है कि रुपये के लेन-देन को लेकर गांव के कुछ युवकों से रूपेश का विवाद हुआ था। हालांकि, इस विवाद की अभी पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है।परिजनों ने रूपेश की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने कांके थाने में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस तकनीकी जांच का सहारा ले रही है। घटनास्थल का कॉल डंप और रूपेश के मोबाइल का सीडीआर खंगाला जा रहा है। तकनीकी सेल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मौत से पहले रूपेश किन लोगों के संपर्क में था और सोमवार को वह किन स्थानों पर गया था।फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के निष्कर्ष का इंतजार है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!