शादी से 3 महीने पहले मंगेतर ने किया शादी से इनकार, मानसिक प्रताड़ना और पैसे की मांग का आरोप; युवती ने फंदे से झूलकर दी जान
राँची।राँची के पुंदाग ओपी क्षेत्र में 19 सितंबर को एक युवती की आत्महत्या के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मृतका विजयश्री नायक के पिता विजय शंकर नायक ने अपनी बेटी की मौत के पीछे उसके मंगेतर अंजन चौधरी और उसके परिवार पर मानसिक प्रताड़ना, शादी से अचानक इनकार करने और कथित तौर पर पैसे व दहेज की मांग करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता ने पुंदाग थाने में आवेदन देकर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कर रही है
28 जून को हुई थी सगाई, 9 दिसंबर को होनी थी शादी
आवेदन के अनुसार विजयश्री बेंगलुरु में एक कंपनी में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थी। उसका विवाह उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी अंजन चौधरी से तय हुआ था। दोनों परिवारों की मौजूदगी में 28 जून 2026 को गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित Continental by Red Carpet में रिंग सेरेमनी हुई थी। शादी की तारीख 9 दिसंबर 2026 तय की गई थी।परिजनों के अनुसार शादी के लिए पुंदाग के कटहल मोड़ स्थित Gravitas Banquet Hall की बुकिंग भी कराई गई थी और इसके लिए एक लाख रुपये एडवांस गूगल-पे के माध्यम से भुगतान किया गया था।
सगाई के बाद बदल गया मंगेतर का व्यवहार
मृतका के पिता का आरोप है कि सगाई से पहले अंजन विजयश्री से लगातार बातचीत करता था, लेकिन सगाई के बाद उसका व्यवहार अचानक बदल गया। वह फोन उठाने से बचने लगा और संदेशों का भी उचित जवाब नहीं देता था। विजयश्री ने परिवार को इस बदलाव की जानकारी दी थी और इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी।पिता के अनुसार उन्होंने अंजन के पिता ललन प्रसाद चौधरी और मां रीता चौधरी से भी फोन पर बातचीत कर स्थिति सुधारने का अनुरोध किया था।
परिवार पर पैसे और दहेज मांगने का भी आरोप
आवेदन में विजयश्री के पिता ने दावा किया है कि उनकी बेटी ने उन्हें बताया था कि शादी और दहेज के संबंध में अंजन चौधरी तथा उसके परिवार की ओर से पैसे की मांग की जा रही थी। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पिता ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें अंजन के पूर्व में दो शादी के रिश्ते टूटने की जानकारी मिली थी। यह जानकारी उन्हें अंजन के परिवार के गुरुजी के माध्यम से मिलने की बात आवेदन में कही गई है।
हैदराबाद जाने के बाद लगा था सब ठीक हो गया
आवेदन के मुताबिक 12 सितंबर को विजयश्री और अंजन की बहन पंखुड़ी चौधरी के घर हैदराबाद गए थे। वहां से बेंगलुरु लौटने के बाद विजयश्री को लगा कि दोनों के बीच स्थिति सामान्य हो गई है। लेकिन कुछ ही समय बाद हालात फिर बिगड़ गए।पिता का कहना है कि 14 सितंबर को अंजन ने फोन पर विजयश्री से कहा कि वह अब उससे शादी नहीं करेगा। विजयश्री ने रिश्ता बचाने के लिए अंजन से कई बार अनुरोध किया। उसने अंजन की बहन से भी भाई को समझाने की गुहार लगाई, लेकिन कथित तौर पर वहां से भी उसे कोई मदद नहीं मिली।
पिता से 1 घंटे 22 मिनट हुई थी बातचीत
आवेदन में विजयश्री के पिता ने बताया है कि उन्होंने 17 सितंबर को करीब 10:02 बजे अंजन से लगभग एक घंटे 22 मिनट तक फोन पर बातचीत की। उन्होंने अंजन को समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
इसके बाद विजयश्री कथित तौर पर बेहद तनाव में आ गई। उसने बेंगलुरु से राँची लौटने की इच्छा जताई और 18 सितंबर की रात करीब आठ बजे राँची पहुंची।
बहन के फोन के बाद घर पहुंचे पिता, तीसरी मंजिल पर मिला शव
घटना के अगले दिन 19 सितंबर की सुबह करीब तीन बजे विजयश्री की छोटी बहन भाग्यश्री ने अपने पिता को फोन किया। उसने बताया कि विजयश्री फोन नहीं उठा रही है। इसके बाद पिता करीब चार बजे घर पहुंचे।पिता के अनुसार घर की तीसरी मंजिल पर विजयश्री फंदे से लटकी मिली। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई और उसे पारस अस्पताल, धुर्वा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कथित सुसाइड नोट बना जांच का अहम हिस्सा
मामले में विजयश्री द्वारा छोड़े गए कथित सुसाइड नोट को भी परिवार ने पुलिस को सौंपा है। पिता का कहना है कि नोट में विजयश्री ने अंजन से एक और मौका देने की बात कही है।
परिवार ने नोट की मूल प्रति और हस्तलेख की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की है। साथ ही नोट में लिखे लोगों, घटनाओं, पैसों/दहेज की कथित मांग और मानसिक प्रताड़ना से जुड़े हर पहलू की जांच की मांग की गई है।
पिता ने कहा- बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने में भूमिका की आशंका
विजयश्री के पिता ने अपनी शिकायत में आशंका जताई है कि कथित दहेज/पैसे की मांग, लगातार मानसिक उपेक्षा, शादी से अचानक इनकार और उससे पैदा हुए मानसिक दबाव ने उनकी बेटी को आत्महत्या जैसा कदम उठाने के लिए मजबूर करने में भूमिका निभाई हो सकती है।उन्होंने अंजन चौधरी और उसके माता-पिता समेत परिवार के अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, दहेज प्रतिषेध कानून और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस कथित सुसाइड नोट, मोबाइल फोन और बातचीत के रिकॉर्ड, पैसे के लेन-देन, शादी की तैयारियों से जुड़े दस्तावेज, परिजनों के बयान तथा दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत की जांच शुरू की है।

