पति ने पत्नी का अश्लील वीडियो बनाकर मायके वालों को भेजा, वायरल करने की धमकी देकर मांगे 5 लाख

 

राँची। राजधानी राँची से पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति पर अश्लील वीडियो बनाकर उसे मायके वालों को भेजने, सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने और पांच लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है। महिला ने तुपुदाना पुलिस को दिए आवेदन में पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर मारपीट व प्रताड़ित करने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

एफआईआर में दर्ज शिकायत के अनुसार, महिला की शादी 30 अक्टूबर 2022 को हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति उसके साथ मारपीट करता रहा और उसे प्रताड़ित करता था। शिकायत के मुताबिक, पति ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया और बाद में उसे उसके मायके वालों तक भेज दिया। इसके साथ ही वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी गई।

महिला का आरोप है कि इसी वीडियो को आधार बनाकर उस पर 5 लाख रुपये देने का दबाव बनाया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इससे पहले पति ने दहेज के नाम पर भी रुपये की मांग की थी और कथित तौर पर करीब 2.20 लाख रुपये मायके पक्ष से दिए जा चुके थे।

शिकायत के अनुसार, महिला के साथ मारपीट का सिलसिला भी जारी रहा। महिला ने आरोप लगाया है कि एक बार पति ने कार नहीं देने पर उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। बाद में ससुराल पक्ष के लोगों ने भी उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया।

महिला ने पुलिस को बताया कि 29 सितंबर 2026 को उसके पति और सास उसे मायके पहुंचाने आए थे। इसी दौरान मायके में भी विवाद हुआ और कथित तौर पर अश्लील वीडियो को लेकर धमकी दी गई। महिला का आरोप है कि उसे और उसके परिवार को लगातार दबाव में रखा जा रहा है।

मामले में महिला ने पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। तुपुदाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!