झारखण्ड में बिहार के आशिक की शामत… प्रेमिका से मिलने पहुंचा तो ग्रामीणों ने पेड़ से बांधा, पूछताछ के बाद मारपीट,पुलिस ने छुड़ाया
गिरिडीह। बिहार के नवादा से अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने गिरिडीह पहुंचे एक प्रेमी को ग्रामीणों ने रंगे हाथों दबोच लिया। इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। उग्र ग्रामीणों ने प्रेमी और उसकी शादीशुदा प्रेमिका दोनों को एक पेड़ से बांध दिया और तालिबानी अंदाज में पूछताछ करते हुए उनके साथ मारपीट की।
मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के नवादा जिले के बिशनपुर गांव निवासी एक युवक का गिरिडीह के गावां थाना क्षेत्र स्थित झाराढाब गांव की एक शादीशुदा महिला से लंबे समय से कथित रूप से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। रविवार को प्रेमी अपनी माशूका से मिलने के लिए सारे खतरे उठाकर उसके गांव झाराढाब पहुंच गया। उसे लगा था कि वह चुपचाप मुलाकात कर निकल जाएगा, लेकिन गांव पहुंचते ही उसकी पोल खुल गई।
घर पहुंचते ही फैला शोर, ग्रामीणों ने घेरा
युवक जैसे ही महिला के घर पहुंचा, आसपास के लोगों को इसकी भनक लग गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। गुस्साए ग्रामीणों ने प्रेमी युवक को मौके पर ही धर दबोचा और महिला को भी घर से बाहर बुला लिया।
पेड़ से बांधकर ‘ऑन-द-स्पॉट’ इंसाफ, मारपीट का वीडियो वायरल
आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों को गांव के बीचों-बीच एक पेड़ से कसकर बांध दिया। इसके बाद उनके गुप्त संबंधों को लेकर तीखे सवालों की बौछार शुरू कर दी गई। आरोप है कि पूछताछ के दौरान भीड़ ने कानून को हाथ में लेते हुए दोनों की जमकर पिटाई भी की। काफी देर तक दोनों लाचार होकर पेड़ से बंधे रहे और लोग तमाशा देखते रहे। इसी बीच किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस की एंट्री, चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई टीम
घटना की भनक लगते ही गावां थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराया और सुरक्षित थाने ले आई। इसके बाद दोनों के परिजनों को मामले की सूचना दी गई।
मामले की पुष्टि करते हुए गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने बताया कि दो लोगों को पेड़ से बांधकर रखे जाने की सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और दोनों को छुड़ाकर थाने लाया गया। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है। पुलिस वायरल वीडियो और घटनास्थल के साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

