फॉल घूमने गई युवती की मौत से मचा हड़कंप, कथित प्रेमी पुलिस हिरासत में

 

राँची। ज़िले के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के चुरनी फॉल में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुरुष मित्र के साथ घूमने गई 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान अनगड़ा थाना क्षेत्र के तुरुप निवासी कलेश्वर महतो की बेटी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है।प्रियंका खेलगांव स्थित ओरियंट क्राफ्ट में काम करती थी। बताया जा रहा है कि उसकी रामगढ़ निवासी रफीक अंसारी से पहले से दोस्ती थी। मंगलवार को दोनों चुरनी फॉल घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान प्रियंका के साथ घटना हुई।पुलिस ने कथित प्रेमी रफीक को हिरासत में लिया है।जिससे पूछताछ जारी है।

मोबाइल से पिता को किया फोन, कहा—“गिर गई है”

मामले में सबसे बड़ा सवाल उस फोन कॉल को लेकर उठ रहा है, जो रफीक ने कथित तौर पर प्रियंका के मोबाइल से उसके पिता को किया। परिजनों के अनुसार फोन पर बताया गया कि प्रियंका फॉल में गिर गई है।सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और प्रियंका को अचेत अवस्था में अनगड़ा के अस्पताल ले गए। वहां से उसे रिम्स रेफर किया गया, लेकिन परिजन उसे टाटीसिलवे स्थित स्वर्णरेखा अस्पताल ले गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्रियंका को मृत घोषित कर दिया।

पिता ने दर्ज कराई हत्या की प्राथमिकी
घटना की सूचना देर रात करीब 11 बजे पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने रफीक अंसारी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।पुलिस के अनुसार आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि प्रियंका की मौत गिरने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
चुरनी फॉल में हुई इस मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब घटनास्थल की परिस्थितियों, दोनों के बीच संबंध और घटना से पहले व बाद की गतिविधियों की जांच कर रही है।वहीं,रफीक को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

error: Content is protected !!