सेल सिटी में हाईवोल्टेज ड्रामा: नौवीं मंजिल की रेलिंग पर चढ़ा युवक, पुलिस ने देर रात सुरक्षित उतारा

 

राँची।पुंदाग ओपी क्षेत्र की पॉश सोसाइटी सेल सिटी में मंगलवार की शाम उस वक्त लोगों की सांसें थम गईं, जब एक युवक डी-4 ब्लॉक की नौवीं मंजिल की रेलिंग पर जा चढ़ा। युवक काफी देर तक रेलिंग पर ही बैठा रहा और नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुआ। घटना की खबर फैलते ही सोसाइटी में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि युवक शाम करीब सात बजे से नौवीं मंजिल की रेलिंग पर मौजूद था। सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड और आसपास मौजूद लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुंदाग ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने भी युवक से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए समझाने का प्रयास किया। हालांकि, युवक लगातार रेलिंग पर ही बना रहा।घटना के कारण सोसाइटी में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सभी की नजरें युवक पर टिकी थीं। पुलिस ने संयम के साथ स्थिति को संभालते हुए युवक को सुरक्षित नीचे लाने का प्रयास जारी रखा। देर रात पुलिस के प्रयास से युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया।

पुलिस के अनुसार, युवक हरमू का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी में उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है। हालांकि, वह सेल सिटी के डी-4 ब्लॉक की नौवीं मंजिल तक कैसे पहुंचा, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। युवक के सेल सिटी परिसर में पहुंचने और नौवीं मंजिल तक जाने की परिस्थितियों को लेकर भी जानकारी ली जा रही है।

 

error: Content is protected !!