राँची में दिनदहाड़े बड़ी चोरी: दंपति ऑफिस गए, इधर फ्लैट का ताला तोड़ 36.30 लाख का माल साफ; गहने, नकदी और जमीन के दस्तावेज गायब..
राँची।राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक पॉश अपार्टमेंट के फ्लैट को निशाना बनाया और लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। अनंतपुर स्थित सुकीर्ति अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-201 में दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी में चोर करीब 36.30 लाख रुपये के हीरे, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया है।
घटना 25 सितंबर 2026 की बतायी गयी है। फ्लैट में रहने वाले 36 वर्षीय संजू चट्टोराज सुबह करीब 10 बजे अपने कार्यालय के लिए निकले थे। उनकी पत्नी भी काम के सिलसिले में सेवा सदन चली गयी थीं। घर में ताला लगा था। शाम करीब 6 बजे जब दंपति वापस अपने फ्लैट पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का लॉक टूटा देखकर उनके होश उड़ गए।
अंदर का मंजर देख दंपति के उड़ गए होश
फ्लैट के अंदर प्रवेश करते ही पूरा सामान अस्त-व्यस्त मिला। कमरों में रखी तीनों अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारियों को खंगालने के बाद उसमें रखे महंगे आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान निकाल लिया था।
प्राथमिकी में संजू चट्टोराज ने पुलिस को चोरी गये सामान की विस्तृत सूची दी है। इसके मुताबिक चोरी की संपत्ति में अकेले गहने और अन्य सामान की कीमत करीब 35 लाख रुपये बतायी गयी है, जबकि करीब 1.10 लाख से 1.30 लाख रुपये नकद भी चोरी हुए हैं। इस तरह कुल नुकसान लगभग 36.30 लाख रुपये बताया गया है।
हीरे की 7 अंगूठियां और सोने के ढेरों गहने गायब
चोरों ने घर में रखे हीरे और सोने के आभूषणों पर खास तौर पर हाथ साफ किया। चोरी गये सामान में हीरे की 7 अंगूठियां, सोने की 5 अंगूठियां, एक सोने का नेकलेस सेट, 3 सोने की चेन, 16 जोड़ी/पीस सोने की कान की बालियां, 4 सेट सोने की पोला चूड़ियां, 3 सोने की चूड़ियां और 3 सोने के मंगलसूत्र शामिल हैं।इसके अलावा चोर 10-10 ग्राम के तीन सोने के सिक्के, यानी कुल 30 ग्राम सोना भी ले गये।
चांदी के सिक्के और पायल भी नहीं छोड़े
चोरों ने घर में रखे चांदी के सामान को भी नहीं छोड़ा। प्राथमिकी के अनुसार 10 चांदी के सिक्के, जिनका कुल वजन करीब 100 ग्राम बताया गया है, और चार जोड़ी चांदी की पायल चोरी हुई है।इतना ही नहीं, चोर घर में रखी 14 कीमती घड़ियां भी अपने साथ ले गये।
नकदी के साथ जमीन के मूल दस्तावेज भी गायब
इस चोरी की सबसे अहम बात यह है कि चोर सिर्फ आभूषण और नकदी ही नहीं ले गये, बल्कि घर में रखे धनबाद के गोमो स्थित जमीन के मूल दस्तावेज/ओरिजिनल डीड भी अपने साथ ले गये। इससे आशंका जतायी जा रही है कि चोरों ने घर को काफी इत्मीनान से खंगाला और उन्हें जिस सामान की तलाश थी, उसे चुन-चुनकर अपने कब्जे में लिया।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोर अपार्टमेंट में किस रास्ते से दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद किस दिशा में फरार हुए।
पुलिस के लिए यह भी अहम सवाल है कि दिन के समय, लोगों की आवाजाही वाले इलाके में स्थित अपार्टमेंट में चोर कैसे दाखिल हुए और करीब आठ घंटे के भीतर तीन अलमारियों के ताले तोड़कर इतनी बड़ी चोरी को अंजाम देकर निकल गये।
फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के CCTV फुटेज, संदिग्ध गतिविधियों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी ने चुटिया इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

