झारखण्ड पुलिस का बड़ा अभियान: एक दिन में 1114 गुम मोबाइल बरामद, असली मालिकों को लौटाए फोन; चेहरों पर लौटी मुस्कान
राँची।झारखण्ड पुलिस ने गुम और खोए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल की। CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से राज्य के अलग-अलग जिलों से ट्रेस किए गए 1114 मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलते ही लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस करने और उनके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने के लिए झारखंड पुलिस लगातार CEIR पोर्टल का इस्तेमाल कर रही है। इसी अभियान के तहत 25 सितंबर 2026 को राज्य के सभी जिलों में कुल 1114 मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को उपलब्ध कराए गए।
मोबाइल वापस मिला तो खिल उठे चेहरे
लंबे समय से मोबाइल फोन खोने के बाद उसके वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके कई लोगों के लिए पुलिस की यह कार्रवाई राहत लेकर आई। फोन मिलने पर लोगों ने खुशी जताई। पुलिस के अनुसार, मोबाइल की बरामदगी से लोगों को आर्थिक नुकसान से राहत मिलने के साथ-साथ पुलिस के प्रति उनका विश्वास और भरोसा भी मजबूत हुआ है।
कोडरमा सबसे आगे, सरायकेला और गिरिडीह में भी बड़ी संख्या में फोन बरामद
जिला-वार आंकड़ों पर नजर डालें तो कोडरमा में सबसे अधिक 177 मोबाइल फोन वास्तविक धारकों को सौंपे गए। इसके बाद गिरिडीह में 105 और सरायकेला में 103 मोबाइल फोन वापस किए गए।वहीं पलामू में 97, सिमडेगा में 63, रामगढ़ में 61, बोकारो में 60, साहेबगंज में 54,राँची में 47, हजारीबाग में 39, गढ़वा में 38, पाकुड़ में 36, गुमला में 31, खूंटी में 28 और चाईबासा में 26 मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए गए।
इसके अलावा लातेहार में 20, धनबाद और जमशेदपुर में 22-22, लोहरदगा में 9, देवघर में 9, चतरा में 14, दुमका में 15, जामताड़ा में 17 और गोड्डा में 21 मोबाइल फोन बरामद कर सुपुर्द किए गए।
CEIR से मोबाइल ट्रेस करने में मिल रही मदद
CEIR पोर्टल के जरिए गुम या खोए मोबाइल फोन के IMEI नंबर की मदद से उन्हें ट्रेस करने की प्रक्रिया में पुलिस को सहायता मिल रही है। झारखण्ड पुलिस का कहना है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और अधिक से अधिक गुम या खोए मोबाइल फोन को ट्रेस कर उनके वास्तविक धारकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस मुख्यालय के मीडिया सेल के मुताबिक, मोबाइल फोन की बरामदगी और उनकी सुपुर्दगी की यह कार्रवाई आम नागरिकों के लिए राहत के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच भरोसा मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है।

