राँची के खादगढ़ा बस टर्मिनल में लावारिस-कंडम बसों पर निगम का बड़ा एक्शन, 7 दिन में हटाएं वाहन, नहीं तो होगी नीलामी
राँची।कांटाटोली के खादगढ़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल परिसर में लंबे समय से खड़ी लावारिस, कंडम और अनुपयोगी बसों और अन्य वाहनों को लेकर राँची नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। निगम ने संबंधित बस मालिकों को सात दिनों के भीतर अपने वाहन बस टर्मिनल परिसर से हटाने का निर्देश दिया है। तय समय सीमा में वाहन नहीं हटाए जाने पर नगर निगम अब उन्हें नीलाम करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
राँची नगर निगम की ओर से 25 सितंबर 2026 को जारी आम सूचना में कहा गया है कि खादगढ़ा बस टर्मिनल परिसर में लंबे समय से कई लावारिस, कंडम एवं अनुपयोगी बसें खड़ी हैं। इन वाहनों के कारण टर्मिनल परिसर में जगह घिरने के साथ-साथ व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ऐसे में संबंधित बस मालिकों को सार्वजनिक रूप से अंतिम अवसर दिया गया है।
7 दिन का अल्टीमेटम, नहीं हटे तो नीलामी
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि आम सूचना प्रकाशित होने की तारीख से सात दिनों के अंदर संबंधित वाहन मालिकों को अपने-अपने वाहन अनिवार्य रूप से बस टर्मिनल परिसर से हटा लेने होंगे। यह अवधि पूरी होने के बाद नगर निगम की ओर से आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
निगम के अनुसार, यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर वाहन नहीं हटाए गए तो अगले सात दिनों के अंदर सक्षम प्राधिकारी/एमवीआई के माध्यम से वाहनों का मूल्यांकन और दर निर्धारण कराया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार नीलामी की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
बाद में दावे-आपत्ति पर नहीं होगा विचार
नगर निगम ने सूचना में यह भी साफ कर दिया है कि निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद संबंधित बस मालिकों की ओर से किसी भी तरह का दावा, अनुरोध अथवा आपत्ति प्रस्तुत की जाती है, तो उस पर विचार नहीं किया जाएगा। यानी वाहन मालिकों के पास अब अपने वाहन हटाने के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर ही कार्रवाई करने का मौका है।
नगर निगम की इस कार्रवाई से खादगढ़ा बस टर्मिनल परिसर में लंबे समय से खड़ी कबाड़नुमा और अनुपयोगी बसों को हटाने का रास्ता साफ होगा। अब देखना होगा कि नोटिस के बाद कितने वाहन मालिक अपने वाहनों को निर्धारित समय में परिसर से हटाते हैं और कितने वाहनों पर निगम नीलामी की कार्रवाई करता है।


