राँची में प्रोजेक्ट भवन परिसर में गिरा विशाल पेड़, कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त

 

 

राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब शहर के लिए आफत बनती जा रही है। शुक्रवार को बारिश और तेज हवाओं के कारण बड़ा हादसा हो गया,जब धुर्वा स्थित प्रोजेक्ट भवन (सचिवालय) परिसर में एक विशालकाय पेड़ धाराशायी हो गया।पेड़ गिरने की इस घटना में परिसर में पार्क की गईं कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं, जिससे वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के वक्त जब दफ्तरों में कामकाज चल रहा था और बाहर झमाझम बारिश हो रही थी, तभी अचानक एक पुराना और भारी-भरकम पेड़ तेज आवाज के साथ कड़कड़ाकर नीचे गिर पड़ा।पेड़ सीधे अधिकारियों और कर्मचारियों की गाड़ियों की कतार पर जा गिरा।गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय गाड़ियों के अंदर या पेड़ के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना कोई बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।हालांकि, पेड़ के नीचे दबने से कई चार पहिया वाहन मामूली रूप से तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही सचिवालय सुरक्षाकर्मी और आपदा प्रबंधन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।पेड़ की मोटी टहनियों को काटकर हटाने और नीचे दबी गाड़ियों को निकालने का काम राहत स्तर पर शुरू कर दिया गया है।बारिश के बीच कटर मशीनों की मदद से लकड़ी को काटकर रास्ता साफ किया जा रहा है।

 

उल्लेखनीय है कि दो दिनों से राँची और आसपास के क्षेत्रों में हो रही अनवरत बारिश के कारण शहर की मिट्टी बेहद नरम हो चुकी है। जमीन ढीली होने की वजह से जड़ों की पकड़ कमजोर पड़ रही है, जिससे पुराने और भारी पेड़ ताश के पत्तों की तरह ढह रहे हैं. रांची के कई अन्य हिस्सों और सड़कों किनारे भी पेड़ तथा उनकी शाखाएं गिरने की खबरें आ रही हैं, जिससे यातायात बाधित हो रहा है।

मौसम विभाग ने फिलहाल शहर में बारिश को लेकर अलर्ट जारी रखा है। वहीं, प्रशासन ने आम लोगों और सरकारी कर्मचारियों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान पुराने पेड़ों, जर्जर दीवारों और बिजली के खंभों के पास गाड़ियां पार्क न करें और सतर्कता बरतें।

error: Content is protected !!