गिरिडीह में दरोगा के बेटे की हत्या से सनसनी, 8-10 युवकों ने घेरकर बरसाए डंडे

 

गिरिडीह। जिले के चर्चित मैगी पॉइंट के पास गुरुवार की देर रात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने से सनसनी फैल गई। घटना रात करीब 11 बजे गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग स्थित बंदरकुप्पी के पास हुई। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर (बभनटोली) निवासी ऋतिक यादव उर्फ बड्डी यादव (24) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ऋतिक के पिता झारखण्ड पुलिस में अवर निरीक्षक (SI) के पद पर पदस्थापित हैं और वर्तमान में हजारीबाग जेल में तैनात हैं।

जानकारी के अनुसार, ऋतिक यादव अपने दोस्त शुभम दास और राजा गुप्ता के साथ गुरुवार रात करीब 10:30 बजे कार से बंदरकुप्पी स्थित मैगी पॉइंट पहुंचा था। इसी दौरान पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव अपने करीब 8-10 साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि वहां पहुंचते ही युवकों ने ऋतिक और उसके साथियों पर हमला कर दिया।शुभम दास के अनुसार, पहले आरोपियों ने मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद बांस की फराठी से ऋतिक की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी गई। मारपीट में ऋतिक गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।हमले में दो अन्य युवक भी घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ऋतिक की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग सदर अस्पताल पहुंच गए।

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहले घायलों को अस्पताल पहुंचाया और इसके बाद आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
वहीं सूचना मिलने पर नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो भी सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि ऋतिक यादव की हत्या की गई है और पुलिस पूरे मामले में कार्रवाई कर रही है।

बताया जा रहा है कि ऋतिक यादव का छात्र मोर्चा से भी जुड़ाव था। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और हमले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है।

error: Content is protected !!