शनिवार को डूबे थे तीन दोस्त, सोमवार को तीसरे का भी मिला शव;हादसे से गांव में मातम
पलामू।जिले के हरिहरगंज की बटाने नदी में शनिवार को तीन दोस्तों के डूबने की घटना ने सोमवार को दर्दनाक मोड़ ले लिया। दो दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद तीसरे दोस्त टेनी का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही हादसे में लापता तीनों युवकों का पता चल गया है। हादसे में राजेंद्र साव की जान बच गई है, जबकि रितिक और टेनी की मौत हो गई।
तीनों युवक बिहार के औरंगाबाद जिले के मिनी बीघा गांव के रहने वाले थे। शनिवार को तीनों दोस्त पिकनिक मनाने के लिए पलामू के हरिहरगंज स्थित बटाने नदी पहुंचे थे। पिकनिक के दौरान तीनों नदी में नहाने के लिए उतरे, लेकिन अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह राजेंद्र साव को बेहोशी की हालत में नदी से बाहर निकाला। पुलिस की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। बाद में चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया। फिलहाल राजेंद्र की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।
वहीं, रितिक और टेनी की तलाश के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रविवार को बटाने पुल के पास रितिक का शव बरामद हुआ। इसके बाद तीसरे युवक टेनी की तलाश जारी रही।
सोमवार को एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान हरिहरगंज के सियरभूंका इलाके में बटाने नदी से टेनी का शव बरामद कर लिया गया। शव की पहचान टेनी के रूप में होने के बाद उसके परिजनों को घटना की सूचना दी गई।
हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि बटाने नदी से एक और शव बरामद किया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पिकनिक के लिए निकले तीन दोस्तों की खुशियां कुछ ही देर में मातम में बदल गईं। एक दोस्त अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है, जबकि दो दोस्तों की मौत ने उनके परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

