बोलेरो में छिपाकर ले जा रहा था गांजा,जमशेदपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा तस्कर…

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोविंदपुर थाना क्षेत्र में 3.865 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की बोलेरो भी जब्त की है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान 33 वर्षीय माधव कर्मकार, निवासी तुरीगोड़ा, थाना डुमरिया, पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त की शाम करीब 8:30 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक सफेद बोलेरो में गांजा लेकर खकड़ीपाड़ा से अश्वनी चौक की ओर जा रहा है और वहां गांजा बेचने की तैयारी में है।
सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी और पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बिना देर किए गोविंदपुर थाना क्षेत्र में अश्वनी चौक से खकड़ीपाड़ा जाने वाली सड़क के पास घेराबंदी कर संदिग्ध बोलेरो को रोक लिया।
बोलेरो की तलाशी के दौरान पुलिस को 3.865 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद मौके से माधव कर्मकार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने गांजा और वाहन को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह ओडिशा के क्योंझर से गांजा लाता था और फिर जमशेदपुर के आसपास घूम-घूमकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बिक्री करता था।आरोपी के इस खुलासे के बाद पुलिस की जांच अब सिर्फ एक तस्कर की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। पुलिस ओडिशा से गांजे की सप्लाई करने वाले लोगों, स्थानीय खरीदारों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों का पता लगाने में जुट गई है।
पुलिस का मानना है कि पूछताछ और जांच के आगे बढ़ने के साथ इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गांजे की सप्लाई चेन और जमशेदपुर में इसके वितरण से जुड़े कड़ियों को खंगाल रही है।

