एक्स-रे में देरी पर बवाल: सदर अस्पताल में घुसे 10-12 युवक, टेक्नीशियन की पिटाई; हाथ में फ्रैक्चर

राँची। सदर अस्पताल में मरीजों के इलाज, जांच और डिस्चार्ज को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को एक्स-रे कराने पहुंचे एक मरीज के परिजनों और अस्पताल कर्मियों के बीच शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट और तोड़फोड़ में बदल गया। आरोप है कि बाहर से बुलाए गए 10-12 युवकों ने एक्स-रे कंसोल रूम में घुसकर टेक्नीशियन माधव राज भंडारी और अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की।हमले में माधव राज भंडारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके दाहिने हाथ में फ्रैक्चर बताया गया है, जबकि आंख, चेहरे और उंगलियों पर भी चोटें आई हैं। आर्थो विभाग में जांच के बाद उनके हाथ में प्लास्टर किया गया। घटना के बाद अस्पताल के मेडिकल स्टाफ में भय का माहौल है।
पहले एक्स-रे को लेकर हुई बहस, फिर अचानक पहुंच गए युवक
अस्पताल कर्मियों की ओर से दी गई शिकायत के मुताबिक, लातेहार से आई एक महिला मरीज को डॉक्टर ने एक्स-रे कराने की सलाह दी थी। टेक्निकल स्टाफ ने मरीज को बताया था कि जांच खाली पेट करानी होगी। इसके बाद वह सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे दोबारा अस्पताल पहुंची।
बताया गया कि एक्स-रे सेंटर में भीड़ होने के कारण महिला
तत्काल जांच कराने की जिद करने लगी। इसी दौरान कंसोल रूम में मौजूद कर्मचारियों से उसकी बहस हो गई। अस्पताल कर्मियों का कहना है कि महिला को एक्स-रे के लिए कपड़े बदलने की सलाह दी गई थी, लेकिन उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया।
बाद में एक्स-रे फिल्म देने के दौरान महिला और उसके पति की टेक्नीशियन से जांच में देरी को लेकर बहस हुई। कर्मचारियों के अनुसार, उस समय मामला समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया और दोनों वहां से चले गए।लेकिन करीब आधे घंटे बाद स्थिति अचानक बिगड़ गई। आरोप है कि 10-12 युवक कंसोल रूम में पहुंचे और अस्पताल कर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एक्स-रे उपकरण और कैसेट समेत अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाने की बात सामने आई है।
स्वास्थ्य मंत्री के नाम पर धमकी देने का आरोप
अस्पताल कर्मियों का आरोप है कि विवाद के दौरान टेक्नीशियन को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान के नाम पर धमकी दी गई। इसके बाद बाहर से लोगों को बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई। कर्मचारियों के मुताबिक, हमलावरों ने लात-घूंसों से जमकर पिटाई की, जिसमें टेक्नीशियन का हाथ टूट गया।
थाने पहुंचा मामला, दोनों पक्षों ने दी शिकायत
घटना के बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने लोअर बाजार थाना में लिखित शिकायत दी है। पीड़ित पक्ष की ओर से एक्स-रे टेक्नीशियन जलेश्वर महतो, दिनेश पाठक, ज्योति कच्छप समेत आठ कर्मचारियों ने शिकायत दर्ज कराई है।वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी अस्पताल कर्मियों पर छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दिए जाने की जानकारी है। विवाद के दौरान मरीज को लेकर परिजन वाहन से अस्पताल से चले गए।
अब पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। अस्पताल में हुई मारपीट और तोड़फोड़ की घटना ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों में मरीजों और मेडिकल स्टाफ की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

