कोयला साइडिंग बनी रणभूमि, वर्चस्व को लेकर दो गुटों में खूनी भिड़ंत,सीआईएसएफ ने संभाला मोर्चा…

धनबाद। पाथरडीह कोलवाशरी की साइडिंग शनिवार को अचानक रणक्षेत्र में बदल गई। वर्चस्व की लड़ाई में दो गुट आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडे, रॉड, पत्थर, बेलचा और तलवार तक चलने की बात सामने आई है। करीब आधे घंटे तक साइडिंग परिसर में अफरातफरी का माहौल बना रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मीवान स्टील लिमिटेड कोल वाशरी की साइडिंग में वर्चस्व को लेकर पहले से तनाव था। शनिवार को किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद मामला इतना बिगड़ा कि दोनों ओर से जमकर मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुए इस बवाल से साइडिंग में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाते नजर आए।
झड़प में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। कतरास बाजार निवासी अभिषेक का सिर फटने की बात सामने आई है। वहीं सरायढेला निवासी रोहित सिंह के साथ भी मारपीट की गई। बताया जाता है कि सीआइएसएफ जवानों ने उन्हें सुरक्षित निकालकर वाशरी प्लांट के अंदर पहुंचाया।
बवाल का असर सिर्फ लोगों तक सीमित नहीं रहा। झड़प के दौरान कई वाहनों में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। रघुकुल समर्थकों की काले रंग की थार (जेएच 10सीएल 6969) और ब्रीजा (जेएच 10डीबी 5977) को क्षतिग्रस्त किए जाने की बात सामने आई है। वहीं ढुलू महतो समर्थक की स्कॉर्पियो (जेएच 01पीजे 0206) में भी तोड़फोड़ की गई। वाहनों के शीशे समेत कई हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।
घटना की सूचना मिलते ही पाथरडीह थाना पुलिस और सीआइएसएफ के जवान मौके पर पहुंचे। सुरक्षा बलों की सक्रियता के बाद स्थिति पर काबू पाया गया। तनाव को देखते हुए साइडिंग परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।बताया जा रहा है कि कोलवाशरी की साइडिंग में वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनातनी चली आ रही थी। शनिवार को यही तनाव अचानक हिंसक संघर्ष में बदल गया। हालांकि, झड़प की असली वजह, घायलों की सटीक संख्या और पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।फिलहाल पाथरडीह कोलवाशरी की साइडिंग में तनाव का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

