पलामू पुलिस ने प्रभात मेहता हत्याकांड का एक और आरोपी को हरियाणा से किया गिरफ्तार, पुरानी रंजिश में हुई थी हत्या

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में बहुचर्चित प्रभात मेहता अपहरण और हत्याकांड में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। मुख्य आरोपी राहुल चंद्रवंशी को बेंगलुरु से गिरफ्तार करने के बाद अब पलामू पुलिस ने उसके सहयोगी और वारदात के वक्त पहरेदारी करने वाले आरोपी धर्मेंद्र कुमार को भी सलाखों के पीछे भेज दिया है। गिरफ्तार धर्मेंद्र पलामू के पाटन थाना क्षेत्र के खरौंधा गांव का रहने वाला है।
पाटन थाना क्षेत्र के सहदेव गांव से प्रभात मेहता का अपहरण किया गया था और बाद में गांव के ही एक अर्द्धनिर्मित मकान से उसका शव बरामद हुआ था। वारदात के बाद आरोपी धर्मेंद्र फरार होकर हरियाणा भाग गया था। पलामू पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर हरियाणा के यमुनानगर स्थित भरथल से उसे धर दबोचा। पाटन पुलिस उसे कानूनी प्रक्रिया पूरी कर तीन दिनों के ट्रांजिट रिमांड पर पलामू ले आई है।
पुलिसिया पूछताछ में आरोपी धर्मेंद्र ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने स्वीकार किया कि आपसी दुश्मनी और पुरानी रंजिश के कारण ही प्रभात मेहता की हत्या की योजना बनाई गई और उसे अंजाम दिया गया।
पाटन के थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी ने बताया कि जब हत्या की वारदात को अंजाम दिया जा रहा था, उस वक्त धर्मेंद्र मकान के बाहर मुस्तैदी से पहरेदारी कर रहा था ताकि कोई वहां न आ सके। वहीं, पाटन इंस्पेक्टर सुरेश मंडल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस पूरे हत्याकांड के हर पहलू पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है।

