बोकारो में ट्रिपल मर्डर: खेत जा रहे एक ही परिवार के तीन लोगों को सनकी युवक ने कुल्हाड़ी से काटा

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले में नावाडीह-मुंगोरंगामाटी मुख्य मार्ग पर बस्तेजिया और कुकरलिलवा के बीच खेत में धान की रोपाई करने जा रहे एक ही परिवार पर गांव के ही एक सिरफिरे युवक ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस नृशंस वारदात में सास, ससुर और बहू तीनों की जान चली गई।
धान का बीज लेकर खेत की ओर निकल रहे 70 वर्षीय जानकी महतो और उनकी 62 वर्षीय पत्नी सुगिया देवी पर आरोपी ने अचानक धारदार कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हमले में गंभीर रूप से घायल बहू गोरी देवी (45 वर्ष, पति कोलेश्वर महतो) को स्थानीय लोगों की मदद से नावाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए चास सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद ग्रामीणों को दौड़ाया, पुलिस के सामने किया सरेंडर
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी राजू सिंह (40 वर्ष, निवासी बस्तेजिया) खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर ग्रामीणों को दौड़ाने लगा, जिससे इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही नावाडीह थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी, एएसआई मिथिलेश सिंह और विमल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस को देखकर आरोपी ने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आला-ए-कत्ल कुल्हाड़ी जब्त कर ली है।
गांव में छाया सन्नाटा, जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक
दिनदहाड़े हुए इस दर्दनाक ट्रिपल मर्डर की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों से भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर झामुमो युवा नेता अखिलेश महतो उर्फ राजू, नावाडीह मुखिया किरण देवी, पंसस निर्मल महतो, सांसद प्रतिनिधि जयलाल महतो, सुरेश महतो, भाजपा नेता दशरथ महतो और विधायक प्रतिनिधि संदीप झारखंडी समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी और पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।

