छेड़खानी के विरोध में चली गोली और चाकू, पलामू पुलिस ने 9 आरोपियों को दबोचा

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बंदुआ गांव में नाबालिग से कथित छेड़खानी का विरोध करना उसके परिजनों को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध से नाराज आरोपियों ने नाबालिग के परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में नाबालिग के मामा की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और पिता समेत अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, घटना 29 जुलाई की है। नाबालिग ने अपने साथ हुई अभद्रता और छेड़खानी की जानकारी घरवालों को दी थी। जब परिजनों ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया और नाबालिग के पिता पर फायरिंग भी की।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इमरान मियां, सरातुल मियां, शाहबाज मियां, तबरेज आलम, इजराफिल मियां, सोनू मियां, गोकुल मियां, शेर मियां और पालू मियां को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई गोली समेत कई अहम सामग्री भी बरामद की है।
पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि इस मामले में कुल 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें से नौ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
