बोकारो सदर अस्पताल में सनसनी: फिजियोथैरेपिस्ट वीरेंद्र महतो का शव पंखे से लटका मिला, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

बोकारो।बोकारो के सदर अस्पताल परिसर में गुरुवार की रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अस्पताल के ही फिजियोथैरेपिस्ट वीरेंद्र कुमार महतो (निवासी: सेक्टर वन) का शव फिजियोथैरेपी कक्ष के सीलिंग फैन से झूलता हुआ पाया गया। घटना शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है।

​मामले की जानकारी तब सामने आई जब अस्पताल के सफाई कर्मियों ने देर शाम फिजियोथैरेपी कक्ष को खुला देखा। अंदर जाने पर जब उन्होंने वीरेंद्र महतो का शव फंदे से लटका पाया, तो पूरे अस्पताल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। घटना की तत्काल सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को फंदे से नीचे उतारा और अपने कब्जे में लिया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर उपाधीक्षक (DSP) राजीव रंजन ने बताया कि शुरुआती दौर में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजहों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सदर अस्पताल में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगालने में जुटी है, ताकि घटना के समय की हर गतिविधि का पता लगाया जा सके। इसके अलावा परिजनों से भी बातचीत की जा रही है जिससे कि घटना के सही कारणों का पता चल सके।

बोकारो के सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें रात करीब 9:30 बजे इसकी जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि वीरेंद्र महतो काम को लेकर बेहद पंक्चुअल और जिम्मेदार इंसान थे। गुरुवार को वे अपने पैतृक गांव से सीधे ड्यूटी के लिए सदर अस्पताल पहुंचे थे।

​पुलिस ने शव को पंचनामे के बाद कब्जे में ले लिया है और शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिसिया तफ्तीश आगे बढ़ने के बाद ही मौत के असली कारणों पर से पर्दा उठ सकेगा।

error: Content is protected !!