मालिक का भरोसा जीतकर उड़ाए 2.65 करोड़ के जेवर-नकदी, चोरी के पैसों से खरीदी थार..

–मुंबई पुलिस ने गिरिडीह के गावां में छापेमारी कर बरामद किये जेवरात व वाहन
गिरिडीह।महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहीर के घर में काम करने वाले दो कर्मचारियों ने पहले परिवार का भरोसा जीता और फिर करोड़ों रुपये के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों की निशानदेही पर मुंबई पुलिस ने बुधवार को गिरिडीह के गावां थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चोरी के सोने के जेवरात और एक थार वाहन बरामद किया। बताया जा रहा है कि यह वाहन चोरी के पैसों से खरीदा गया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गावां थाना क्षेत्र के पंडरिया निवासी अमित कुमार और सांख निवासी सतीश कुमार के रूप में हुई है। दोनों मुंबई के वर्ली स्थित महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहीर तथा उनकी पत्नी, जो फिल्म प्रोड्यूसर हैं, के यहां काम करते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों ने लंबे समय तक परिवार का विश्वास हासिल किया और इसी दौरान घर से धीरे-धीरे सोने के जेवरात व नकदी चोरी करते रहे। जांच में चोरी की कुल रकम करीब 2.65 करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस संबंध में वर्ली पुलिस स्टेशन में 22 जुलाई को कांड संख्या 341/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद वर्ली थाना के पुलिस उपनिरीक्षक योगेश थरवर्कर, एएसआई अरुण घटकर तथा सीआईडी की टीम आरोपियों को लेकर गिरिडीह पहुंची।
गावां थाना पुलिस की मौजूदगी में आरोपियों की निशानदेही पर करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात बरामद किए गए। साथ ही चोरी के पैसों से खरीदी गई एक थार गाड़ी भी जब्त की गई। गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने बताया कि बरामद जेवरात और वाहन को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुंबई पुलिस अपने साथ ले गई। मामले की आगे की जांच वर्ली पुलिस कर रही है।

