कोडरमा: कथित गलत इंजेक्शन से युवक की मौत, अस्पताल में परिजनों का हंगामा

 

कोडरमा।झुमरी तिलैया स्थित जीवन ज्योति हॉस्पिटल एक बार फिर विवादों में घिर गया है। अस्पताल में कथित तौर पर गलत इंजेक्शन लगाए जाने के बाद 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ।

मृतक की पहचान नवलशाही थाना क्षेत्र के रायडीह गांव निवासी आकाश पासवान (28 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आकाश सूरत से अपने घर आया था। शनिवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए जीवन ज्योति हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। परिजनों के अनुसार रविवार दोपहर तक उसकी हालत में सुधार हो रहा था, लेकिन इसके बाद अस्पताल में एक इंजेक्शन दिए जाने के तुरंत बाद उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ गई।

स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने आकाश को राँची रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि राँची ले जाने के दौरान रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। मौत की आशंका होने पर परिजन उसे वापस जीवन ज्योति हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उन्होंने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।

परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस अस्पताल में पहले भी चिकित्सकीय लापरवाही के मामले सामने आते रहे हैं और समय-समय पर ऐसी घटनाएं होती रही हैं। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।यदि जांच में लापरवाही की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

 

error: Content is protected !!