डीसी-एसएसपी ने संभाली कमान,राँची में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ मोहर्रम

राँची।राँची में मोहर्रम का पर्व शनिवार को पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक (फिरायालाल चौक), कर्बला चौक और महावीर चौक पर मोहर्रम जुलूस का लगातार निरीक्षण किया।जिला प्रशासन ने परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक पर विशेष मंच का निर्माण कर जुलूस की निगरानी की। जुलूस कर्बला चौक, महावीर चौक और फिरायालाल चौक से होकर शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। प्रशासन की ओर से पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती और लगातार निगरानी की व्यवस्था की गई थी, जिसके कारण पूरे आयोजन के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
इस अवसर पर अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धन्यजय, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत तथा सर्वधर्म सद्भावना समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मोहर्रम का पर्व शांति, एकता और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की व्यापक तैयारियों, सुरक्षा बलों की सतर्कता और आम लोगों के सहयोग से पर्व सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने नागरिकों और विभिन्न धार्मिक संगठनों का शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से भविष्य में भी आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

