Ranchi:ज़मीन के विवाद में खूनी खेल…छांव में बैठे 70 साल के बुजुर्ग की गर्दन पर ‘दाउली’ से वार कर बेरहमी से हत्या–

–​तमाड़ पुलिस का बड़ा एक्शन,वारदात के महज़ 48 घंटे के भीतर हत्यारे को दबोचा, कत्ल में इस्तेमाल हथियार भी बरामद..

राँची।ज़मीन के लालच ने एक बार फिर रिश्तों का खून कर दिया।जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र के बारेडीह गाँव में एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। महज़ ज़मीन के आपसी विवाद में एक 50 साल के शख्स ने अपने ही गाँव के 70 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार लोहे की दाउली से गर्दन पर वार कर बेरहमी से हत्या कर दी।
​लेकिन, कानून के लंबे हाथों से आरोपी बच नहीं सका। तमाड़ थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के महज़ दो दिनों के भीतर मुख्य आरोपी को दबोचकर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

आरोपी

खेत में बीज डालकर छांव में सुस्ता रहे थे बुजुर्ग, तभी पीछे से हुआ काल का हमला

​दिल दहला देने वाली यह घटना 24 जून 2026 की दोपहर की है। बारेडीह गाँव के रहने वाले 70 वर्षीय बुजुर्ग गोविन्द महतो अपने खेत में धान का बीज डालने गए थे। बीज डालने के बाद वे थककर वहीं पास में एक पेड़ के नीचे छांव में बैठ गए। बुजुर्ग को अंदाज़ा भी नहीं था कि मौत उनके ठीक पीछे खड़ी है। ​तभी ज़मीन के पुराने विवाद की खुन्नस लिए गाँव का ही कुईला महतो (50 वर्ष) दबे पांव पीछे से आया। इससे पहले कि बुजुर्ग गोविन्द महतो कुछ समझ पाते, कुईला ने लोहे की पैनी ‘दाउली’ (धारदार हथियार) से उनकी गर्दन पर ज़ोरदार वार कर दिया। वार इतना भयानक था कि बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बेटे की शिकायत पर दर्ज हुई FIR, हरकत में आई पुलिस

​घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के बेटे रामायण महतो ने 26 जून को तमाड़ थाने पहुंचकर इस क्रूर हत्याकांड की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई करते हुए तमाड़ थाना कांड संख्या- 38/2026, धारा 103(1)/351(1) BNS के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया। केस दर्ज होते ही राँची पुलिस के आलाधिकारियों के निर्देश पर तमाड़ थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की और महज़ दो दिन के अंदर कसाई बने आरोपी कुईला महतो को दबोच लिया।

कातिल की निशानदेही पर खून से सनी ‘दाउली’ बरामद

​पुलिसिया पूछताछ के आगे हत्यारा ज़्यादा देर टिक नहीं सका और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की ही निशानदेही पर पुलिस ने कत्ल में इस्तेमाल की गई लोहे की दाउली को भी विधिवत ज़ब्त कर लिया है। ​गिरफ्तार आरोपी कुईला महतो (उम्र करीब 50 वर्ष), पिता- स्व० शिबू महतो, ग्राम- बारेडीह, तमाड़ (राँची) है।आरोपी के पास से कत्ल में प्रयुक्त लोहे की दाउली बरामद किया गया।

​इस सनसनीखेज हत्याकांड के आरोपी को चंद घंटों में दबोचने वाली टीम में ये अधिकारी शामिल रहे:​पु०अ०नि० दुलाल कुमार महतो (थाना प्रभारी, तमाड़ थाना, राँची),​पु०अ०नि० गणेश चौड़े (तमाड़ थाना),पु०अ०नि० निमाई सोरेन (तमाड़ थाना) और ​तमाड़ थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

error: Content is protected !!