गिरिडीह:पांडेयडीह मोड़ पर चलते-चलते धधका सीएनजी छोटा हाथी, चार ट्रांसफार्मर आग की भेंट

 

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पांडेयडीह मोड़ पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सीएनजी से चल रहा एक छोटा हाथी वाहन अचानक आग का गोला बन गया। वाहन में लोड चार छोटे ट्रांसफार्मर भी आग की चपेट में आ गए और देखते ही देखते पूरी तरह जलकर राख हो गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में तेज लपटें उठने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाते हुए पुलिस और स्थानीय लोगों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक वाहन और उसमें लदे चारों ट्रांसफार्मर पूरी तरह नष्ट हो चुके थे।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!