साहिबगंज:तेज रफ़्तार में स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़ी बाइक और बिजली पोल में मारी जोरदार टक्कर,स्कॉर्पियो में लगी आग..स्कॉर्पियो और बगल की दुकान जलकर राख…
साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवगंज स्थित मुस्लिम टोला मुख्य सड़क पर शुक्रवार को काले रंग की स्कॉर्पियो ( JH18P 7042) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल से जा टकराई,जिसके बाद स्कॉर्पियो में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। 
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। आग लगते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और स्कॉर्पियो में सवार लोगों को बाहर निकाला। बताया जाता है कि स्कॉर्पियो नया टोला जयंती ग्राम निवासी मनीष मंडल चला रहे थे, जबकि जिस बाइक से टक्कर हुई वह विजय मंडल की बताई जा रही है। घटना के समय स्कॉर्पियो में दो लोग सवार थे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों को हल्की चोटें आई हैं।
घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।आग की तेज लपटों और धुएं के कारण करीब आधे घंटे तक नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह वाहनों को हटाकर रास्ता साफ कराया।
वहीं,सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी मनीष पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी लेते हुए बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं अग्निशमन विभाग को सूचना देकर दमकल वाहन मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग की चपेट में पास की एक दुकान भी आ गई। दुकानदारों के अनुसार दुकान में रखे सामान जल जाने से करीब एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में घंटों लोगों की भीड़ लगी रही।

