जमशेदपुर:सड़क पर पिस्टल लहराने वाले दो अपराधी गिरफ्तार… पुलिस ने सड़कों पर दो किलोमीटर परेड कराकर निकाली हेकड़ी…फिर भेजा जेल..
जमशेदपुर।झारखण्ड के जमशेदपुर शहर के आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड गणगौर स्वीट्स के पास सरेआम पिस्टल लहराते दबंगई दिखा रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार करने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने शेख सारिक इमाम उर्फ अमयान और उसके साथी मो.सलमान को ओल्ड पुरुलिया रोड में थाना से करीब दो किलोमीटर तक पैदल घुमायाज ताकि लोगों में इन अपराधियों का खौफ खत्म हो सके।पुलिस सड़कों पर परेड कराकर दोनों की हेकड़ी निकाल दी।
शुक्रवार को केस का उद्भेदन करते हुये सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने पत्रकारों को बताया, कि गिरफ्तार युवक शेख सारिक इमाम कपाली बंधुगोड़ा का रहने वाला है, जबकि उसका साथी मो. सलमान कपाली गौसनगर फुटबॉल मैदान के पास रहता है। गिरफ्तार युवक के पास से एक पिस्तौल, आठ गोली बरामद किया गया है। गिरफ्तार शेख सारिक इमाम शातिर बदमाश है। उसके खिलाफ पूर्व में आजादनगर में तीन केस दर्ज है।
गत एक अप्रैल को मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड में पत्नी के साथ सड़क पर विवाद होने के बाद जब स्थानीय लोग जुट गये तो शेख सारिक इमाम उर्फ अयान पिस्टल लहराने लगा।जिसके बाद वे लोग फरार हो गये।इस दौरान मो. सलमान भी साथ में था। सूचना मिलने पर पुलिस ने छापामारी कर उन्हें गिरफ्तार किया।इस मामले में आजादनगर थाना में आर्म्स एक्ट का केस दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार युवकों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इधर, इस मामले में आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार के बयान पर शेख सारिक ईमाम, मो. सलमान और जुगसलाई के मो. राज के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस जुगसलाई के मो. राज की तलाश में जुटी है।

