धनबाद:डांडिया में भोजपुरी गाने पर थिरकीं थाना प्रभारी, एसएसपी ने किया लाइन हाजिर…

धनबाद।पुलिस विभाग में अनुशासन और वर्दी की मर्यादा सर्वोपरि होती है।इसकी अनदेखी करना झारखण्ड के धनबाद जिले के राजगंज थाना प्रभारी अलीशा कुमारी को महंगा पड़ गया है।एक सार्वजनिक कार्यक्रम में वर्दी पहनकर भोजपुरी गाने पर डांस करने का वीडियो वायरल होने के बाद, एसएसपी प्रभात कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन क्लोज कर दिया है।

दरअसल,मामला धनबाद के राजगंज के लाल बाजार स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर का है। यहाँ नवरात्रि के अवसर पर डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में राजगंज थाना प्रभारी अलीशा कुमारी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था।

कार्यक्रम के दौरान जब भोजपुरी गाने बजने शुरू हुए, तो थाना प्रभारी खुद को रोक नहीं पाईं और उन्होंने मंच के समीप ही डांस करना शुरू कर दिया। वे उस समय पूरी तरह से पुलिस की आधिकारिक वर्दी में थीं।उनके इस डांस का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया।

कुछ ही घंटों के भीतर अलीशा कुमारी का वर्दी में डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।वीडियो सामने आने के बाद जनता के बीच अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।जहां कुछ लोगों ने इसे सामान्य उत्साह बताया, वहीं अधिकतर लोगों और विभाग के अधिकारियों ने इसे पुलिस नियमावली और अनुशासन का उल्लंघन माना।

वीडियो की जानकारी मिलते ही धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया।इसे पुलिस की छवि को धूमिल करने वाला आचरण मानते हुए थाना प्रभारी अलीशा कुमारी को तत्काल प्रभाव से राजगंज थाने से हटाकर लाइन हाजिर करने का आदेश जारी कर दिया।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अनुशासन से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और इस मामले में अंतिम निर्णय क्या होता है।

 

error: Content is protected !!