साहिबगंज: जेल में बंद कैदी की मौत,तीन दिन पहले चोरी के आरोप में हुआ था गिरफ्तार
साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज मंडल कारा में बंद बरहेट थाना क्षेत्र के संझोरी निवासी 45 वर्षीय नईम अंसारी की मौत सोमवार की सुबह सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में इलाज के दौरान हो गई।नईम अंसारी को रविवार को मंडल कारा में तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया था, लेकिन तत्काल उसे प्राथमिक उपचार के लिए कैदी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था।
रविवार की देर रात नईम की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। सोमवार की सुबह में कैदी वार्ड के सिपाहियों ने इलाज के लिए डॉक्टर को बुलाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उसे मिर्गी की बीमारी थी। नईम अंसारी पर चोरी का मामला दर्ज था।उसके खिलाफ कोर्ट से वारंट निर्गत किया गया था। इसके बाद 13 मार्च को पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था।जेल भेजने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई।जेल पुलिस ने रविवार को इलाज के लिए सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती करवाया लेकिन उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया। इसमें डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. केशव कृष्णा व डॉ. प्रशांत शेखर शामिल थे।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम होना था लेकिन मेडिकल बोर्ड ने यहां पोस्टमार्टम में हाथ खड़ा कर दिया और उसे फूलो झानो मेडिकल कॉलेज दुमका रेफर कर दिया।वहां, मंगलवार को पोस्टमार्टम होने की उम्मीद है। इस मौके पर मजिस्ट्रेट के रूप में सदर सीओ बासुकीनाथ टुडू मौजूद थे।
डीसी ने कहा कि जेल में बंद बंदी की मौत की न्यायिक जांच होगी। इसकी जांच के लिए प्रधान एवं सत्र न्यायाधीश से अनुरोध किया जाएगा। कस्टोडियल डेथ होने पर जांच का एक प्रोटोकाल है जिसे पूरा किया जाएगा।

