तीसरे दिन कड़ी मशक्कत के बाद एनडीआरएफ की टीम ने चालक का शव तिलैया डैम से बरामद किया

 

हज़ारीबाग। एनडीआरएफ की टीम ने तीसरे दिन मछली लदे ट्रक के चालक का शव तिलैया डैम से बरामद किया। आधार कार्ड मिला है जिसमें ट्रक चालक आंध्रप्रदेश के विजियानगरम जिले का रहने वाला सनपति सुरीबाबू था। इसके साथ ही पिछले तीन दिनों से चल रहे बरही पुलिस की राहत और बचाव कार्य पूरा हो गया। बुधवार की रात आंध्रप्रदेश से बिहार जा रहा मछली लदा ट्रक अनियंत्रित होकर तिलैया डैम पर बने जवाहर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए गहरे पानी में गिर गया था। ट्रक के तिलैया डैम में गिरने के पूर्व खलासी ट्रक से सड़क पर गिर पड़ा जिससे उसकी जान बच गई थी।

जबकि ट्रक चालक ट्रक के डैम में गिरने के बाद से लापता हो गया था। घटना के तीसरे दिन एनडीआरएफ की टीम ने काफी मशक्कत के बाद चालक का शव बरामद किया। ट्रक के तिलैया डैम में गिरने के 24 घंटे हाइड्रा क्रेन की मदद से ट्रक को बाहर निकाला गया, लेकिन ट्रक के केबिन में चालक नहीं मिला। दूसरे दिन स्थानीय गोताखोरों की मदद से डैम में चालक की खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। तीसरे दिन एनडीआरएफ की टीम के आने के बाद एनडीआरएफ के अनुभवी जवानों ने विशेष उपकरणों के साथ डैम के चप्पे-चप्पे में सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद चालक का शव बरामद हुआ। चालक का शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी विनोद कुमार, एसआई हरेंद्र सिंह, नागेन्द्र पांडे, सुमित कुमार, पल्लव कुमार, गणेश यादव समेत पुलिस बल मौजूद थे।

error: Content is protected !!