गिरिडीह में मतदान के बाद फायरिंग,दो युवकों को लगी गोली,गोलीबारी और पथराव की घटना से इलाके में अफरा-तफरी..

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह नगर निगम चुनाव के लिए सोमवार को मतदान के दौरान छिटपुट हिंसा की घटनाएं सामने आईं। वहीं नगर थाना क्षेत्र के भंडारीडीह में मतदान समाप्त होने के बाद फायरिंग की घटना हुई, जिसमें एक पक्ष के दो युवक घायल हो गए। घायलों की पहचान असलम और शमीम के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।
घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने पथराव किया, जिससे कई लोगों को हल्की चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार को सब कुछ सामान्य चल रहा था कि तभी अचानक तेज आवाज सुनाई दी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे।गोलीबारी की आवाज सुनते ही लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के बाद काफी देर तक इलाके में सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों से बाहर निकलने में कतराते रहे।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों की मदद से दोनों घायल युवकों को गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया।अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च संस्थान (हायर सेंटर) रेफर कर दिया है। घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे फिलहाल कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची।पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस बक्सीडीह रोड और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों के भागने के मार्ग का पता लगाया जा सके।
इधर गोली चलने की इस घटना के बाद काफी हंगामा हो गया। चैताडीह जाने वाली सड़क में भंडारीडीह चौराहे के पास काफी संख्या में लोगों का जुटान हो गया।लोग पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। वहीं इस दौरान गुजर रहे पुलिस के वाहन पर भी पथराव किया गया।वहीं दो युवकों की पिटाई भी की गई।यहां राजू खान ने कहा कि सुबह से ही वे बोल रहे थे कि जबरन वोटिंग हो रही है।राजू ने शिवम श्रीवास्तव के लोगों और फायरिंग करने का आरोप लगाया।साथ ही साथ पुलिस पर भी धमकाने का आरोप लगाया।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार सदर अस्पताल पहुंचे।यहां घायलों को स्थिति को जाना और पुलिस पदाधिकारियों को घटनास्थल पर भेजते हुए त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

डीसी रामनिवास यादव ने कहा कि वार्ड नंबर 18 में मतदान समाप्त होने के बाद दो पक्ष भिड़े हैं।दो लोगों को गोली लगने की बात सामने आयी है। आगे पूरे मामले की जांच चल रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
दूसरी तरफ इस घटना से नाराज लोगों ने दो लोगों की जमकर पिटाई कर दी।पिटाई से दोनों लोगों को गंभीर चोट लगी है। फायरिंग और मारपीट की घटना के बाद से डीसी-एसपी इलाके में कैम्प किए हुए है।
बता दें कि सोमवार की सुबह इसी वार्ड में वोटिंग को लेकर काफी हंगामा हुआ था। हंगामा के बाद सड़क जाम किया गया था।यहां पर प्रशासन ने तुरंत ही मोर्चा संभाला और फिर स्थिति को काबू में लिया था।इस बीच शाम को फिर से भिड़ंत हो गई।

