Ranchi:तेज रफ्तार 407 ट्रक पकड़ा गया, 9 गाय व 8 बछड़ों के साथ चालक गिरफ्तार

राँची। रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस ने बैरियर तोड़कर भाग रहे एक 407 ट्रक को पीछा कर पकड़ लिया। वाहन में 9 गाय एवं 8 बछड़े लोड पाए गए, जिनके संबंध में चालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। एएसआई राम बिनय राम, जो मेसरा ओपी में पदस्थापित हैं, सशस्त्र बल के साथ बीआईटी ओपी क्षेत्र में रात्रि गश्ती पर थे। 18 फरवरी की सुबह करीब 6:15 बजे वायरलेस से सूचना मिली कि रजिस्ट्रेशन संख्या जेएच09एएम-7251 वाला 407 ट्रक काठीटांड़ में एक व्यक्ति को धक्का मारकर नेवरी गोलचक्कर की ओर भाग रहा है और रातु पीसीआर के रोकने के संकेत को भी अनदेखा कर दिया गया। सूचना पर पुलिस ने नेवरी गोलचक्कर के पास बैरियर लगाकर वाहन चेकिंग शुरू की। कुछ ही देर बाद संदिग्ध ट्रक को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने बैरियर तोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम राम अवधेश सिंह बताया। वाहन की तलाशी में 9 गाय और 8 बछड़े लोड मिले। वैध कागजात प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत वाहन व पशुओं को जब्त कर लिया और चालक तथा वाहन मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!