बाजार में बेकाबू कार ने 7 को रौंदा, 4 की हालत नाजुक….

 

 

हजारीबाग।हजारीबाग के चौपारण प्रखंड के रामपुर बाजार में शुक्रवार शाम को एक बेकाबू कार ने कई लोगों को रौंद दिया जिससे अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा तब हुआ जब शिक्षक ने अपनी नई कार में ब्रेक की जगह गलती से एक्सीलेटर दबा दिया। इस दुर्घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं जिनमें से चार की हालत नाजुक बताई जाती है। घायलों को स्थानीय अस्पतालों और धनबाद रेफर किया गया है। एम्बुलेंस के देर से पहुंचने पर नाराज ग्रामीणों ने चालक की पिटाई कर दी।

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दर्जिचक निवासी सह शिक्षक महफूज अंसारी अपनी नई कार से रामपुर बाजार आये थे। बाजार में भीड़ के बीच अचानक चालक ने ब्रेक लगाने की जगह एक्सीलेटर दबा दिया। इससे कार असंतुलित होकर तेज रफ्तार में सड़क किनारे बाजार में घुस गई। कार की चपेट में आने से कई लोग लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

​हादसे में घायलों की पहचान रामपुर निवासी डोली देवी (45), लालधारी राम (55), जमुना पंडित (54) और महादेवटांड़ निवासी विशाल रजक (15) आदि शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद लालधारी, जमुना और विशाल को स्थानीय लोगों की मदद से तिलैया के एक निजी अस्पताल में भेजा गया। वहीं डोली देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें धनबाद रेफर किया गया है। अन्य चार घायलों को चौपारण सामुदायिक अस्पताल भेजा गया है।

​घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना के बावजूद एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची। काफी इंतजार के बाद परिजनों ने अपने निजी वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इधर, घटना से आक्रोशित भीड़ ने आरोपी चालक की धुनाई कर दी और कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलते ही चौपारण पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से चालक को बचाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए क्षतिग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।

error: Content is protected !!