देवघर में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 8 शातिर साइबर अपराधी गिरफ्तार..

 

देवघर।झारखण्ड के देवघर में एसपी सौरभ के निर्देश पर साईबर डीएसपी राजा कुमार मित्रा में नेतृत्व में साइबर थाना की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी कर आठ शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो पीएम किसान योजना, लोन और कैशबैक का लालच देकर लोगों को अपना शिकार बना रहे थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 14 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड, कई एटीएम कार्ड समेत अन्य महत्वपूर्ण बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए हैं।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को फर्जी बैंक अधिकारी और सरकारी योजना से जुड़े कर्मी बताकर लोगों से संपर्क करते थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं और डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म के नाम पर लोगों को झांसा देकर ओटीपी, बैंक डिटेल और अन्य गोपनीय जानकारी हासिल की जाती थी, जिसके बाद खातों से रकम उड़ा ली जाती थी। साइबर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पालोजोरी थाना क्षेत्र के जंगल-झाड़ी इलाके में कुछ संदिग्ध युवक मोबाइल कॉल के जरिए साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने वहां छापेमारी की और आठों साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए उनके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही बरामद मोबाइल और बैंकिंग दस्तावेजों की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि ठगी से जुड़े अन्य मामलों का खुलासा किया जा सके।

error: Content is protected !!