राँची में कुत्ते की मॉब लिंचिंग:पोल से बांधकर बेजुबान की पीट-पीटकर हत्या,दो नाबालिग सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

 

राँची। राजधानी राँची में एक कुत्ते को पीट पीटकर मारने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो किशोरों को पुलिस ने निरुद्ध किया है।कुत्ते को पीट पीटकर मारे जाने की घटना राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र की है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।राँची पुलिस द्वारा प्रेस रिलीज जारी कर बताया गया है कि धुर्वा थाना क्षेत्र में एक कुत्ते को पीट-पीटकर मारने का वीडियो वायरल होने के बाद, त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शख्स को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य किशोरों को निरुद्ध किया गया है।

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल क्रूर वीडियो में कुछ लोग शालीमार बाजार में एक कुत्ते को बांधकर ईंट और पत्थरों से पीटते हुए दिख रहे थे। जिसके बाद मामले की वादिनी सलोनी श्रीवास्तव (चुटिया की रहने वाली) ने लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक, मामला संज्ञान में आने के बाद धुर्वा थाने ने तुरंत छापेमारी शुरू की और इस घटना में शामिल मुख्य आरोपी दीपू सिंह (उम्र लगभग 20 वर्ष, पुत्र गुरुपाल सिंह, निवासी मौसीबाड़ी जगरनाथपुर, धुर्वा, राँची ) को गिरफ्तार कर लिया।इसके अलावा दो नाबालिग आरोपियों को भी निरुद्ध किया गया है।मृत कुत्ते का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बता दें राँची में किसी कुत्ते की हत्या की यह पहली घटना नहीं है।साल 2025 में भी एक शख्स ने सड़क पर एक कुत्ते को गोली मार दी थी।उस दौरान भी कुत्ते को मारते हुए वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद गोली मारने वाले व्यक्ति को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।हालांकि धुर्वा में हुआ मामला बेहद क्रूर था।यहां एक बेजुबान जानवर को न सिर्फ पोल से बांधा गया, बल्कि बांधने के बाद उसे बड़े ही बेरहमी के साथ पत्थर और ईंट से मार डाला गया।इस दौरान कुछ लोगों ने पूरे कृत्य का वीडियो बना लिया था, जिसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया गया। वायरल वीडियो के आधार पर ही थाने में शिकायत हुई है और इस मामले में पकड़े गए हैं।

error: Content is protected !!