राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिन दिवसीय झारखण्ड दौरे पर पहुंची राँची,एयरपोर्ट पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया स्वागत,कारकेड कड़ी सुरक्षा के बीच लोकभवन पहुँचा…

राँची।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय झारखण्ड दौरे पर रविवार की शाम राँची पहुंचीं। राँची एयरपोर्ट से लोक भवन तक कड़ी सुरक्षा और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए राष्ट्रपति का काफिला लोकभवन पहुंचा।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विशेष विमान से राँची पहुंचीं।बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचने पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार,मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ सहित अन्य अधिकारियों ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय झाऱखण्ड दौरे पर राँची पहुंच चुकी हैं।राँची एयरपोर्ट से लेकर लोकभवन तक पहुंचाने के दौरान पूरे रूट लाइन में राँची पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर रखी थी। एयरपोर्ट से लोकभवन निकलने से पहले ही रूट लाइन में तैनात सुरक्षाकर्मी अलर्ट मोड में थे। करीब 20 से 22 मिनट के भीतर ही राष्ट्रपति का काफिला कड़ी सुरक्षा के बीच लोकभवन पहुंच गया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज की रात लोकभवन में ही विश्राम करेंगी।उसके बाद सोमवार को वह सरायकेला -खरसावां और जमशेदपुर में होने वाले दो कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। दोनों जगह कार्यक्रम में भाग लेने के बाद राष्ट्रपति वापस राँची लौटेंगी और रात्रि विश्राम लोकभवन में करेंगी।मंगलवार को गुमला में वो कार्यक्रम में शामिल होंगी।

 

राष्ट्रपति सोमवार को संथाली भाषा की ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगी और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी। अखिल भारतीय संताली लेखक संघ के महासचिव रवींद्र मुर्मू ने कहा कि वह ओल चिकी लिपि के निर्माता पंडित रघुनाथ मुर्मू को उनकी आवक्ष प्रतिमा पर माल्यार्पण करके श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। उन्होंने बताया कि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद तथा पद्मश्री से सम्मानित कालीपद सोरेन भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद राष्ट्रपति एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी।

राष्ट्रपति रात विश्राम के लिए राँची स्थित ‘लोक भवन’ लौटेंगी। मंगलवार को वह गुमला जाएंगी और एक अंतरराज्यीय लोक-सांस्कृतिक सभा को संबोधित करेंगी। झारखण्ड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अलावा केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल उरांव, छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमन डेका एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और झारखण्ड के जनजातीय मामलों के मंत्री चामरा लिंडा के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

राष्ट्रपति राँची में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मंगलवार को दिल्ली के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर राँची, जमशेदपुर और गुमला में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। राँची में बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से लोक भवन तक 200 मीटर के दायरे में ड्रोन, पैराग्लाइडर और गर्म हवा के गुब्बारों के लिए ‘नो-फ्लाई जोन’ निर्धारित किया गया है। यह क्षेत्र हिनू चौक, बिरसा चौक और अरगोड़ा चौक को कवर करता है। यह निषेधाज्ञा 28 दिसंबर सुबह छह बजे से 30 दिसंबर रात 10 बजे तक लागू रहेगी। राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर रांची में यातायात पाबंदियां भी लगायी गई हैं।

 

error: Content is protected !!