गिरिडीह:महज 50 रुपये के लालच में नाबालिग बना बाइक चोर, पकड़े जाने पर हुआ बड़ा खुलासा
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह शहर के बक्सीडीह–चंदौरी रोड पर मंगलवार की देर शाम महज 50 रुपये के लालच में एक नाबालिग को बाइक ले जाते हुए लोगों ने पकड़ लिया। नाबालिग के पकड़े जाने के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ लोगों ने उसे बाइक चोरी के शक में पीटना शुरू कर दिया। हालांकि मौके पर मौजूद समझदार लोगों ने बीच-बचाव कर नाबालिग को भीड़ के गुस्से से बचाया और माहौल को शांत कराया।स्थानीय लोगों ने नाबालिग से पूछताछ की तो उसने बताया कि कुछ युवकों ने उससे बाइक को यहां से थोड़ी दूर छोड़ने के एवज में 50 रुपये देने की बात कही थी। नाबालिग के अनुसार, बाइक उसे सौंपने वाले युवक ही संभवत: असली बाइक चोर हैं और उन्हीं के कहने पर वह बाइक लेकर जा रहा था। उसने यह भी बताया कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि बाइक चोरी की हो सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने नाबालिग को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटना में शामिल अन्य युवकों की पहचान और तलाश की जा रही है।
इस संबंध में नगर थाना प्रभारी ज्ञानरंजन ने बताया कि नाबालिग से पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला संगठित बाइक चोरी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, जिसमें नाबालिग को मोहरा बनाया गया हो सकता है। पुलिस जल्द ही इसमें शामिल सभी आरोपितों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।

