जमशेदपुर पुलिस ने 12 लाख चोरी मामले का किया खुलासा..:कंपनी के 20 साल पुराने कर्मचारी ने की थी चोरी…8 लाख 91 हजार रुपए बरामद
जमशेदपुर।जमशेदपुर के बिस्टुपुर थाना क्षेत्र में स्थित जे.एम.ए. स्टोर्स प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय से 12 लाख रुपए की चोरी का खुलासा हो गया है। पुलिस ने इस मामले में कंपनी के ही 20 साल पुराने एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।कंपनी प्रबंधन ने 1 दिसंबर को बिस्टुपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि कार्यालय की अलमारी से 12 लाख रुपए नगद गायब हो गए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन किया।जांच के दौरान, पुलिस ने कार्यालय परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्ध कर्मचारियों के मोबाइल लोकेशन का मिलान किया और संबंधित कर्मचारियों से गहन पूछताछ की। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस का शक कंपनी के एक कर्मचारी पर गहराया।कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी कर्मचारी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों से कुल 8 लाख 91 हजार रुपए नगद बरामद किए हैं। शेष राशि की बरामदगी के लिए पुलिस आगे की पूछताछ और छापेमारी कर रही है।
जमशेदपुर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि आरोपी रवि रंजन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और उसने पैसों के लालच में इस घटना को अंजाम दिया था।

