हजारीबाग:बरही ज्वेलरी लूटकांड 24 घंटे में सुलझी, तीन अपराधी गिरफ्तार,डेढ़ करोड़ के जेवरात और हथियार बरामद…

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र में 16 नवंबर की रात हुई करोड़ों की ज्वेलरी लूट की बड़ी वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बरही चौक स्थित जय माता दी ज्वेलर्स से लूटे गए करीब डेढ़ करोड़ रुपए के आभूषण बरामद कर तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी धनंजय चौधरी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।

यह घटना रविवार की रात करीब 9 बजे हुई थी। दुकान मालिक सोने-चांदी के जेवर चार बैग में भरकर अपनी कार में रख रहे थे। तभी दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद अपराधी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हवाई फायरिंग करते हुए कार का शीशा तोड़ा और सभी बैग लेकर फरार हो गए।लूट की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया।

एसपी अंजनी अंजन ने मंगलवार को बताया कि एसडीपीओ बरही अजित कुमार विमल के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की गई।

जांच के दौरान पता चला कि लूट में शामिल आरोपी इंद्रराज चौधरी राँची में है। पुलिस टीम ने उसे राँची से हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर चतरा जिले के हंटरगंज मायापुर गांव से लूट में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और एक देसी कट्टा बरामद किया गया।

इसी बीच, पुलिस को जानकारी मिली कि दो अन्य आरोपी चौपारण से शेरघाटी की ओर भागने की कोशिश कर रहे हैं। एसआईटी ने चोरदाहा चेकपोस्ट पर नाकेबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से लूटे गए सोने-चांदी के जेवर, हथियार और एक बाइक मिली।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान धनंजय चौधरी उर्फ छोटू, इंद्रराज चौधरी और रोशन यादव के रूप में हुई है। धनंजय और रोशन बिहार के गयाजी जिले के निवासी हैं, जबकि इंद्रराज झारखण्ड के चतरा जिले का रहने वाला है। मुख्य आरोपी धनंजय चौधरी के खिलाफ बिहार और झारखण्ड में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

error: Content is protected !!